बागेश्वर: उत्तराखंड के बागेश्वर जिले में रिश्तों को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। बैजनाथ कोतवाली क्षेत्र के नरगवाड़ी गांव में एक युवक पर अपने ही चाचा और चाची की लोहे की रॉड से हमला कर हत्या करने का आरोप लगा है। घटना के बाद से आरोपी फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।
मिली जानकारी के अनुसार, नरगवाड़ी निवासी गोविंद बल्लभ खोलिया ने देर रात अपने चाचा पूरन चंद्र खोलिया और चाची भगवती देवी पर लोहे की रॉड से हमला कर दिया। हमले में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की जानकारी मिलने पर परिजन आनन-फानन में उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) बैजनाथ लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया।
बताया जा रहा है कि घटना के दौरान एक महिला ने मौके से भागकर अपनी जान बचा ली। वहीं, वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही बैजनाथ पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए चार अलग-अलग टीमों का गठन किया है। टीमें संभावित ठिकानों पर तलाश कर रही हैं।
पुलिस के अनुसार, शुरुआती जांच में घटना के पीछे पारिवारिक विवाद की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, हत्या की असली वजह अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी और विस्तृत जांच के बाद ही पूरे मामले का खुलासा हो सकेगा।
