Udayprabhat
uttrakhand

मसूरी में इगास पर्व की धूम, भैलो की रोशनी और ढोल-दमाऊ की थाप पर देर रात तक झूमे लोग

मसूरी: पहाड़ों की रानी मसूरी में उत्तराखंड की समृद्ध लोक संस्कृति और पारंपरिक विरासत का अनूठा संगम देखने को मिला। यहां इगास (बूढ़ी दिवाली) का पर्व पूरे उत्साह और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ मनाया गया। कुलड़ी स्थित सिल्वरटन पार्किंग में आयोजित भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम में लोकगीतों, लोकनृत्यों और पहाड़ी परंपराओं ने समां बांध दिया। देर रात तक स्थानीय लोग और पर्यटक ढोल-दमाऊ की थाप पर थिरकते नजर आए।

कार्यक्रम का आयोजन भाजपा मसूरी मंडल और मसूरी ट्रेडर्स एंड वेलफेयर एसोसिएशन की ओर से संयुक्त रूप से किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ निर्मला जोशी और राज्य मंत्री ज्योति कोटिया ने पारंपरिक रीति से भैलो जलाकर किया। चीड़ की लकड़ियों से तैयार भैलो की रोशनी और ढोल-दमाऊ की गूंज ने पूरे आयोजन स्थल को पहाड़ी संस्कृति के रंग में रंग दिया।

इस दौरान स्थानीय नागरिकों, व्यापारियों, भाजपा कार्यकर्ताओं और पर्यटकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। स्थानीय लोक कलाकारों ने उत्तराखंड के पारंपरिक लोकगीतों और लोकनृत्यों की शानदार प्रस्तुतियां दीं, जिनका दर्शकों ने खूब आनंद लिया। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के बीच लोगों ने भी नृत्य कर पर्व की खुशियां साझा कीं।

कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि इगास पर्व उत्तराखंड की सांस्कृतिक पहचान और पूर्वजों से मिली परंपराओं का महत्वपूर्ण प्रतीक है। यह पर्व सामाजिक एकता और आपसी भाईचारे का संदेश देता है। आधुनिकता के दौर में अपनी लोक संस्कृति, रीति-रिवाजों और पारंपरिक त्योहारों को संरक्षित रखना जरूरी है। ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ने के साथ ही लोक विरासत को आगे बढ़ाने में अहम भूमिका निभाते हैं।

उन्होंने कहा कि मसूरी केवल एक प्रमुख पर्यटन स्थल ही नहीं, बल्कि उत्तराखंड की सांस्कृतिक विरासत को प्रदर्शित करने का भी महत्वपूर्ण केंद्र है। इस तरह के आयोजनों से स्थानीय लोक संस्कृति को पहचान मिलती है और देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों को पहाड़ की परंपराओं को करीब से जानने का अवसर मिलता है।

कार्यक्रम के समापन पर लोगों को पारंपरिक पहाड़ी व्यंजन परोसे गए। इसके बाद आतिशबाजी के बीच एक-दूसरे को इगास पर्व की शुभकामनाएं दी गईं। रंगारंग प्रस्तुतियों और सामूहिक सहभागिता से सजा यह आयोजन मसूरी में उत्तराखंड की लोक संस्कृति, परंपरा और सामाजिक एकजुटता की खूबसूरत तस्वीर पेश कर गया।

Leave a Comment