Udayprabhat
uttrakhand

योगी आदित्यनाथ ने नम आंखों से मां को दी अंतिम विदाई, छोटे भाई महेंद्र ने दी मुखाग्नि

हरिद्वार: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मां सावित्री देवी का अंतिम संस्कार हरिद्वार स्थित नमामि गंगे घाट पर पूरे विधि-विधान के साथ संपन्न हुआ। 91 वर्षीय सावित्री देवी का निधन पौड़ी जिले के यमकेश्वर ब्लॉक स्थित उनके पैतृक गांव पंचूर में हुआ था। मां के अंतिम दर्शन के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भावुक नजर आए। उनकी आंखें नम थीं और वह अंतिम संस्कार की सभी रस्मों के दौरान मौजूद रहे।

दिवंगत सावित्री देवी को उनके सबसे छोटे बेटे महेंद्र बिष्ट ने मुखाग्नि दी। वहीं, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कपाल क्रिया तक अंतिम संस्कार स्थल पर खड़े रहे और मां को अंतिम विदाई दी। इस भावुक पल के दौरान वहां मौजूद लोगों की आंखें भी नम हो गईं।

नमामि गंगे घाट पर उमड़ा जनसैलाब

सावित्री देवी के अंतिम संस्कार में उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के कई बड़े नेता, मंत्री, विधायक, सांसद और साधु-संत शामिल हुए। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी घाट पर मौजूद रहे। सभी ने दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित कर उनकी शांति के लिए प्रार्थना की।

इस दौरान राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई की प्रक्रिया भी पूरी की गई। घाट पर बड़ी संख्या में आम लोग भी अपने श्रद्धासुमन अर्पित करने पहुंचे।

भीड़ बढ़ने पर खुद व्यवस्था संभालने लगे सीएम धामी

अंतिम संस्कार में कई वीवीआईपी हस्तियों के पहुंचने के कारण नमामि गंगे घाट पर भारी भीड़ जमा हो गई। सुरक्षा के व्यापक इंतजाम के बावजूद लोगों की भीड़ को नियंत्रित करने में पुलिस और प्रशासन को काफी मशक्कत करनी पड़ी।

स्थिति को देखते हुए उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी खुद लोगों के बीच पहुंच गए। उन्होंने मौके पर व्यवस्था संभाली और लोगों के लिए रास्ता बनवाते हुए भीड़ को व्यवस्थित करने में सहयोग किया।

कई दिग्गज हस्तियों ने दी श्रद्धांजलि

योगी आदित्यनाथ की मां को अंतिम विदाई देने के लिए उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड की कई राजनीतिक और धार्मिक हस्तियां हरिद्वार पहुंचीं। इनमें उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री, कैबिनेट मंत्री स्वतंत्र देव सिंह, गोरखपुर सांसद रवि किशन, बांसुरी स्वराज, योग गुरु बाबा रामदेव, आचार्य बालकृष्ण, अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष श्रीमहंत रविंद्र पुरी, स्वामी चिदानंद मुनि और आचार्य प्रमोद कृष्णम सहित कई प्रमुख लोग शामिल रहे।

‘योगी भी एक बेटे हैं’, अखाड़ा परिषद अध्यक्ष ने कही अहम बात

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के संन्यासी जीवन को लेकर भी अंतिम संस्कार के दौरान चर्चा हुई। सवाल उठा कि क्या नाथ संप्रदाय से जुड़े संन्यासी को अपनी मां के अंतिम संस्कार में पारिवारिक जिम्मेदारियां निभाने और कंधा देने की अनुमति है?

इस पर अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष श्रीमहंत रविंद्र पुरी ने कहा कि योगी आदित्यनाथ भी एक बेटे हैं। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि शंकराचार्य ने भी अपनी मां को कंधा दिया था और उनके अंतिम संस्कार में शामिल हुए थे।

Leave a Comment