अल्मोड़ा: उत्तराखंड के अल्मोड़ा जिले के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल कसार देवी में एक होमस्टे के अंदर दिल्ली निवासी पर्यटक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। 39 वर्षीय पर्यटक का शव सुबह कमरे में मिलने से होमस्टे में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार, दिल्ली के वसुंधरा एन्क्लेव निवासी संजय तालुकदार ने 10 अक्टूबर को कसार देवी स्थित एक होमस्टे में एक महीने के लिए कमरा बुक कराया था। होमस्टे संचालक के मुताबिक, यहां पहुंचने के समय उनकी तबीयत सामान्य थी, लेकिन बीती रात अचानक उनका स्वास्थ्य बिगड़ गया।
अगली सुबह काफी देर तक कमरे का दरवाजा नहीं खुलने पर संचालक को शक हुआ। जब कमरे में जाकर देखा गया तो संजय मृत अवस्था में मिले। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।
मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आवश्यक साक्ष्य जुटाने के बाद कमरे को सील कर दिया। शव को बेस अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवा दिया गया।
पुलिस के अनुसार, मृतक के लिवर का पहले ऑपरेशन हो चुका था। ऐसे में शुरुआती तौर पर बीमारी के कारण मौत होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगी।
एनटीडी चौकी प्रभारी दिनेश परिहार ने बताया कि घटना की जानकारी मृतक के परिजनों को दे दी गई है। परिजन दिल्ली से अल्मोड़ा के लिए रवाना हो चुके हैं। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव उन्हें सौंप दिया जाएगा। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।
