हरिद्वार: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज हरिद्वार पहुंचकर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की दिवंगत माताजी स्वर्गीय सावित्री देवी को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एवं उनके परिजनों से मुलाकात कर अपनी गहरी शोक संवेदनाएं व्यक्त कीं।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि मां का स्नेह, आशीर्वाद और मार्गदर्शन प्रत्येक व्यक्ति के जीवन की सबसे अनमोल धरोहर होता है। मां का निधन परिवार के लिए ऐसी अपूरणीय क्षति है, जिसकी भरपाई संभव नहीं है।

उन्होंने बाबा केदार से दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान देने तथा शोकाकुल परिवार को इस कठिन समय में दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।

