पौड़ी गढ़वाल: उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने कई परिवारों की खुशियां छीन लीं। रिखणीखाल थाना क्षेत्र के अंतर्गत रिखणीखाल-सतपुली मोटर मार्ग पर कलवाड़ी गांव के पास यात्रियों से भरा एक ईको वाहन अनियंत्रित होकर करीब 300 मीटर गहरी खाई में जा गिरा। इस भीषण दुर्घटना में 8 लोगों की मौत हो गई, जबकि अन्य लोग घायल बताए जा रहे हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दुर्घटनाग्रस्त वाहन का नंबर UK15TA2152 है। हादसे के वक्त वाहन में कुल 12 लोग सवार थे। बताया जा रहा है कि मृतकों में कई महिलाएं शामिल हैं, जो भंगनवांन गांव की निवासी थीं।
बताया जा रहा है कि महिलाएं बैंणी-भुली योजना का फॉर्म भरने के बाद वाहन से अपने गांव वापस लौट रही थीं। इसी दौरान कलवाड़ी गांव के समीप वाहन अचानक अनियंत्रित हो गया और गहरी खाई में जा गिरा। हादसे के बाद इलाके में चीख-पुकार मच गई।
दुर्घटना की सूचना मिलते ही रिखणीखाल, लैंसडाउन और कोटद्वार से प्रशासनिक अधिकारी एवं राहत-बचाव दल घटनास्थल पर पहुंचे। स्थानीय लोगों की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया। घायलों को खाई से निकालकर उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल भेजा गया। वहीं, मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई और पोस्टमॉर्टम की प्रक्रिया शुरू की गई।
