Udayprabhat
Breaking Newsuttrakhandदेहरादूनहेल्थ

देहरादून में कोरोना और डेंगू के बढ़ते मामले, स्वास्थ्य विभाग अलर्ट.. तीन नए मामले आए सामने

देहरादून : देहरादून में कोरोना और डेंगू के बढ़ते मामलों ने स्वास्थ्य विभाग की चिंता बढ़ा दी है। सोमवार को शहर में कोरोना के तीन नए मामले सामने आए हैं—एक मरीज निजी लैब, दूसरा एम्स ऋषिकेश और तीसरा मैक्स अस्पताल में रिपोर्ट हुआ। अब तक 139 सैंपलों की जांच में 16 लोग पॉजिटिव पाए गए हैं।

इसी बीच डेंगू के दो नए मरीज सामने आए हैं, जिनमें एक एसएमआई और दूसरा ग्राफिक एरा अस्पताल में भर्ती है। जिले में अब तक डेंगू के कुल 76 मामले सामने आ चुके हैं—44 देहरादून शहर से और 32 बाहरी क्षेत्रों से। इनमें से 68 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं, जबकि 8 का इलाज जारी है।

स्वास्थ्य विभाग ने 65 संदिग्ध मरीजों की एलाइजा जांच कराई, जिसमें दो पॉजिटिव निकले। विभाग ने सोमवार को 17,398 घरों में सर्वे किया, जिसमें 54 घरों में 63 स्थानों पर डेंगू का लार्वा मिला। अब तक कुल 1,655 घरों में डेंगू का लार्वा पाया जा चुका है।

समय से पहले हुई बारिश ने गर्मी से राहत जरूर दी, लेकिन इससे डेंगू और मलेरिया का खतरा भी बढ़ गया है। जगह-जगह जमा पानी लार्वा के पनपने का कारण बन रहा है, जो नगर निगम और स्वास्थ्य विभाग के लिए चुनौती बना हुआ है।

Leave a Comment