Udayprabhat
uttrakhandweather

उत्तराखंड में मौसम का बदला मिजाज, देहरादून समेत कई जिलों में येलो अलर्ट जारी

देहरादून: उत्तराखंड में मौसम का मिजाज बदला हुआ है। बीते कई दिनों से रुक-रुक कर हो रही बारिश ने जहां लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत दी है, वहीं दूसरी ओर जीवन को भी प्रभावित किया है। लगातार हो रही बारिश के चलते कई संपर्क मार्गों पर मलबा और पत्थर गिरने से यातायात बाधित हो गया है, जिससे आमजन को खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

मौसम विभाग ने शुक्रवार को प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। देहरादून मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार देहरादून, टिहरी, बागेश्वर, पिथौरागढ़, अल्मोड़ा, नैनीताल और चंपावत जिलों में कई स्थानों पर गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। टिहरी और देहरादून जिलों में कहीं-कहीं भारी वर्षा भी हो सकती है।

इसके साथ ही प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में तेज झोंकेदार हवाएं (40-50 किमी/घंटा) चलने की आशंका जताई गई है। मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने और आवश्यक सावधानी बरतने की अपील की है।

राजधानी देहरादून में भी आसमान में आंशिक से लेकर घने बादल छाए रहेंगे। गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने और कुछ क्षेत्रों में तेज बौछारें पड़ने की संभावना है। अधिकतम तापमान करीब 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।

Leave a Comment