Udayprabhat
accidentuttrakhand

उत्तराखंड: अल्मोड़ा हाईवे पर बस की टक्कर से बैंक कर्मी की दर्दनाक मौत

खैरना बैंक शाखा में कार्यरत नरेंद्र सिंह बजेठा अल्मोड़ा जाते वक्त हादसे का शिकार हुए, पत्नी-बच्चों और बुजुर्ग माता-पिता को बेसहारा छोड़ गए

अल्मोड़ा: अल्मोड़ा जनपद के भवाली-अल्मोड़ा हाईवे पर मंगलवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में बैंक कर्मी की जान चली गई। यह हादसा क्वारब के पास हुआ, जहां एक तेज रफ्तार केमू बस ने बाइक सवार को टक्कर मार दी। मृतक की पहचान नरेंद्र सिंह बजेठा (42) पुत्र लाल सिंह बजेठा, निवासी खत्याड़ी, अल्मोड़ा के रूप में हुई है।

नरेंद्र सिंह खैरना स्थित अल्मोड़ा अर्बन कोऑपरेटिव बैंक की शाखा में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी के पद पर कार्यरत थे। वे बैंक के काम से अल्मोड़ा जा रहे थे, जब यह हादसा हो गया। क्वारब चौकी प्रभारी गोविंदी टम्टा ने बताया कि टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि नरेंद्र सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। उनके पास से मिले आधार कार्ड के आधार पर उनकी पहचान की गई।

पुलिस ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया गया और पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है। हादसे की जांच की जा रही है और बस चालक की तलाश जारी है।

इस हृदयविदारक हादसे के बाद नरेंद्र के घर में कोहराम मच गया है। वे अपने पीछे पत्नी, दो बेटे, एक बेटी और वृद्ध माता-पिता को रोता-बिलखता छोड़ गए हैं। परिजनों का कहना है कि नरेंद्र ही परिवार के एकमात्र कमाने वाले सदस्य थे। उनकी असामयिक मृत्यु ने पूरे परिवार को आर्थिक और मानसिक रूप से तोड़ दिया है।

स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि पीड़ित परिवार को यथाशीघ्र मुआवजा और सहायता उपलब्ध कराई जाए, साथ ही हादसे की निष्पक्ष जांच कर दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो।

 

Leave a Comment