Udayprabhat
uttrakhandखेल

उत्तराखंड: क्रिकेट एसोसिएशन के चुनावी प्रक्रिया शुरू, 6 सितंबर को वोटिंग और नतीजे

देहरादून:  उत्तराखंड में क्रिकेट की सबसे बड़ी संस्था क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड (CAU) के चुनाव की प्रक्रिया आधिकारिक रूप से शुरू हो गई है। 29 अगस्त से नॉमिनेशन की प्रक्रिया चालू हो चुकी है और 6 सितंबर को वोटिंग के बाद शाम 3 बजे तक नतीजों की घोषणा कर दी जाएगी। इस चुनावी प्रक्रिया में कुल 8 पदों के लिए चुनाव होना है।

निर्वाचन अधिकारी संभाल रहे मोर्चा

क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) मोहित डोभाल ने बताया कि चुनाव को पारदर्शी ढंग से कराने के लिए मिजोरम के पूर्व मुख्य निर्वाचन अधिकारी रिटायर्ड आईएएस सी. शशांक को मुख्य निर्वाचन अधिकारी नियुक्त किया गया है। उनके साथ सहायक निर्वाचन अधिकारियों के रूप में वी.पी. आचार्य और विनोद जी जिम्मेदारी संभालेंगे।

क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड निर्वाचन शेड्यूल-

  • बीती 15 अगस्त को चुनाव की अधिसूचना जारी हुई थी.
  • 29 अगस्त की सुबह 11 बजे से 30 अगस्त शाम 4 बजे तक नामांकन प्रक्रिया चलेगी.
  • 31 अगस्त की सुबह 11 बजे ड्राफ्ट मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी.
  • 31 अगस्त को सुबह 11 बजे से लेकर 4 बजे तक नॉमिनेशन की स्क्रूटनी की जाएगी.
  • 31 अगस्त को शाम 5 बजे वैलिड नॉमिनेशन कैंडिडेट की घोषणा की जाएगी.
  • 31 अगस्त से 2 सितंबर तक तक नॉमिनेशन पर आपत्ति की तिथि रखी गई है.
  • 1 सितंबर सुबह 11 बजे से 3 सितंबर शाम 4 बजे तक प्रत्याशी की नाम वापसी होगी.
  • 4 सितंबर को शाम 3 बजे निर्वाचक नामावली और प्रत्याशियों की फाइनल लिस्ट का प्रकाशन किया जाएगा.
  • 6 सितंबर को दोपहर 12 बजे से 2 बजे तक मतदान होगा.
  • 6 सितंबर को शाम 3 बजे परिणाम की घोषणा की जाएगी.

CAU का यह चुनाव केवल पदाधिकारियों के चयन तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके जरिए आने वाले समय में उत्तराखंड क्रिकेट की दिशा और दशा तय होगी। विशेष रूप से उत्तराखंड प्रीमियर लीग (UPL) का आयोजन इस चुनाव के बाद नई टीम के लिए सबसे बड़ी चुनौती होगा। पिछले साल बतौर सचिव महिमा वर्मा ने UPL के पहले सीजन का सफल आयोजन किया था, जिसे खिलाड़ियों और दर्शकों से जबरदस्त प्रतिक्रिया मिली थी।

महिमा वर्मा ने पहली बार उत्तराखंड के क्रिकेटरों को राज्य स्तर पर ही नहीं बल्कि राष्ट्रीय स्तर पर भी बड़ा मंच देने की पहल की थी। हालांकि एसोसिएशन के बायोलॉज के मुताबिक, वे सचिव पद पर अपने अधिकतम कार्यकाल पूरे कर चुके हैं, इसलिए इस बार वे सचिव पद पर नहीं रहेंगे। ऐसे में नया सचिव आते ही UPL सीजन-2 का सफल आयोजन उसका पहला बड़ा टास्क होगा।

नई टीम से उम्मीदें

नए अध्यक्ष और नई कार्यकारिणी टीम किस तरह से उत्तराखंड के क्रिकेट को आगे ले जाएगी, इस पर सभी की निगाहें टिकी हैं। माना जा रहा है कि इस बार चुनाव में कई नई रणनीतियां और चेहरों का उदय हो सकता है। साथ ही, खिलाड़ियों को ज्यादा अवसर देने और क्रिकेट के बुनियादी ढांचे को मजबूत बनाने पर जोर रहेगा।

फिलहाल, क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड में चुनावी सरगर्मियां चरम पर हैं। दावेदारों ने नॉमिनेशन भरना शुरू कर दिया है और चुनाव को लेकर लॉबींग भी तेज हो गई है। 6 सितंबर को मतदान होगा और परिणाम घोषित होते ही साफ हो जाएगा कि आने वाले तीन सालों तक उत्तराखंड क्रिकेट की कमान किसके हाथ में होगी।

क्रिकेट प्रेमियों की भी इस चुनाव पर खास नजर है, क्योंकि नई टीम की नीतियों पर ही तय होगा कि राज्य में घरेलू टूर्नामेंट, खिलाड़ियों की सेलेक्शन प्रक्रिया और UPL जैसे आयोजनों का भविष्य कैसा रहेगा।

अब सभी की नजरें 6 सितंबर पर टिकी हैं। वोटिंग के बाद जैसे ही नतीजे आएंगे, यह तय हो जाएगा कि उत्तराखंड क्रिकेट की बागडोर किस नई टीम को मिलती है और राज्य के क्रिकेटरों के लिए आगे कौन-सी नई संभावनाएं खुलेंगी।

Leave a Comment