रामनगर: उत्तराखंड में सड़क हादसे लगातार बढ़ते जा रहे हैं। ताजा हादसा बीती रात रामनगर–काशीपुर मार्ग पर तेलीपुरा के पास हुआ, जिसमें दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में प्रशांत रावत की मौत हो गई जबकि दूसरे बाइक सवार भरत की हालत गंभीर बनी हुई है।
जानकारी के अनुसार, देर रात प्रशांत रावत और भरत अपनी बाइकों पर रामनगर से काशीपुर की ओर जा रहे थे। तेलीपुरा के पास अचानक आमने-सामने भिड़ंत हो गई, जिससे दोनों बाइक सवार सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने तुरंत दोनों को राम दत्त जोशी राजकीय संयुक्त चिकित्सालय पहुँचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।
अस्पताल में इलाज के दौरान प्रशांत रावत की मौत हो गई। भरत की हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है और उसे लगातार चिकित्सकीय निगरानी में रखा गया है। हादसे की भीषणता का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि दोनों बाइकें पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं।

हादसे की सूचना मिलते ही रामनगर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों बाइकों को कब्जे में लेकर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी। वरिष्ठ उप निरीक्षक मोहम्मद यूनुस ने बताया कि परिजनों की ओर से तहरीर मिलने के बाद आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
प्रशांत की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। स्थानीय लोग प्रशासन से अपील कर रहे हैं कि तेलीपुरा क्षेत्र में रात के समय तेज रफ्तार वाहनों पर अंकुश लगाने के लिए स्पीड ब्रेकर और चेतावनी संकेत लगाए जाएं, ताकि इस तरह के हादसों से बचा जा सके।
उत्तराखंड में लगातार बढ़ रहे सड़क हादसों के पीछे अधिकतर मामलों में लापरवाही और तेज रफ्तार को मुख्य कारण माना जा रहा है। विशेषज्ञों का कहना है कि सड़क सुरक्षा के लिए जागरूकता और उचित उपाय न अपनाए जाने से ऐसी घटनाएं लगातार होती रहेंगी।
