Udayprabhat
accidentuttrakhand

मसूरी में दर्दनाक हादसा, गहरी खाई में गिरी बाइक, पिता की मौत, 14 वर्षीय बेटा गंभीर घायल

मसूरी। मसूरी-देहरादून मार्ग पर मंगलवार सुबह एक दिल दहला देने वाला हादसा हो गया। पिता-पुत्र काम पर जा रहे थे कि अचानक उनकी बाइक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में पिता की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 14 वर्षीय बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया।

घटना सुबह करीब 8 बजे की बताई जा रही है। मृतक की पहचान अशफाक अहमद (40 वर्ष) पुत्र फारूक अहमद निवासी रायपुर अधोवाला, जैन प्लॉट, देहरादून के रूप में हुई है। घायल बच्चे का नाम फैजान अहमद (14 वर्ष) है, जो मृतक का बेटा है। पिता-पुत्र मसूरी में पेंट-पुताई का काम करने जा रहे थे।

हादसे की सूचना 112 नंबर के माध्यम से पुलिस को दी गई, जिसके बाद कोल्हू खेत चौकी पुलिस और राजपुर थाना टीम आपदा राहत उपकरणों के साथ मौके पर पहुँची। पुलिस ने बताया कि हादसा गलोगी क्षेत्र में हुआ, जहाँ हाल ही में सड़क किनारे पुश्ते का निर्माण कार्य चल रहा है।

टीम ने मौके पर पहुँचकर देखा कि बाइक करीब 300 मीटर नीचे खाई में गिरी हुई थी। राहत-बचाव कार्य शुरू किया गया। पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से बच्चे को खाई से निकाला गया, जबकि मृतक का शव काफी नीचे फंसा हुआ था। फायर सर्विस मसूरी और एसडीआरएफ देहरादून की टीमों ने संयुक्त अभियान चलाकर शव को बाहर निकाला। हादसे में घायल फैजान को एंबुलेंस के माध्यम से नजदीकी अस्पताल पहुँचाया गया, जहाँ उसका इलाज जारी है।

सूचना मिलते ही मृतक के परिजन भी मौके पर पहुँच गए। परिवार में मातम छा गया है। स्थानीय लोगों ने बताया कि जिस स्थान पर हादसा हुआ, वहाँ सड़क किनारे सुरक्षा दीवार (गार्ड रेल) अधूरी है। पिछले कुछ समय से इस मार्ग पर निर्माण कार्य चल रहा है, लेकिन सुरक्षा इंतज़ाम न होने के कारण लगातार हादसों का खतरा बना हुआ है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि मसूरी मार्ग पर जल्द से जल्द सुरक्षा बैरियर, चेतावनी बोर्ड और रिफ्लेक्टर लगाए जाएँ ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएँ न हों।

मसूरी पुलिस के अनुसार, हादसे की सूचना मिलते ही तत्काल रेस्क्यू शुरू किया गया था। एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि मृतक का बेटा गंभीर रूप से घायल है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Comment