Udayprabhat
uttrakhandराजनीति

गणेश गोदियाल बने उत्तराखंड कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष, प्रीतम सिंह और हरक सिंह को भी अहम जिम्मेदारी

देहरादून: कांग्रेस हाईकमान ने उत्तराखंड में लंबे समय से प्रतीक्षित संगठनात्मक बदलाव करते हुए गणेश गोदियाल को प्रदेश कांग्रेस कमेटी का नया अध्यक्ष नियुक्त किया है। यह नियुक्ति पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव के.सी. वेणुगोपाल द्वारा जारी आदेश के साथ तुरंत प्रभाव से लागू हो गई है।

नई टीम में वरिष्ठ नेता प्रीतम सिंह को प्रचार समिति का अध्यक्ष और पूर्व मंत्री डॉ. हरक सिंह रावत को चुनाव प्रबंधन समिति का अध्यक्ष बनाया गया है। दोनों नेताओं को आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियों, रणनीति निर्माण और मैदान स्तर की सक्रियता बढ़ाने का महत्वपूर्ण दायित्व सौंपा गया है।

वहीं, अब तक प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष रहे करण माहरा को पार्टी ने पूर्ण सम्मान के साथ कांग्रेस कार्यसमिति (CWC) में विशेष आमंत्रित सदस्य (Special Invitee) के रूप में शामिल किया है। पार्टी ने उनके कार्यकाल की सराहना करते हुए कहा कि माहरा ने कठिन परिस्थितियों में भी संगठन को सशक्त करने और कार्यकर्ताओं को एकजुट रखने में अहम योगदान दिया।

राजनीतिक पर्यवेक्षकों का मानना है कि यह फेरबदल कांग्रेस की आगामी चुनावी रणनीति का अहम हिस्सा है। इस कदम से हाईकमान ने स्पष्ट संदेश दिया है कि संगठन को अब नए नेतृत्व, सामंजस्य और ऊर्जा के साथ आगे बढ़ाने का समय आ गया है।

Leave a Comment