Udayprabhat
uttrakhand

सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ करने को गृह सचिव शैलेश बगौली की बड़ी पहल, जिलों को अलर्ट मोड पर रहने के दिए निर्देश

देहरादून: राज्य में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के उद्देश्य से गृह सचिव शैलेश बगौली ने सचिवालय में उच्च-स्तरीय बैठक आयोजित की। बैठक में पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ सभी जिलों के जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक वर्चुअली जुड़े।

गृह सचिव ने राज्यभर में सतर्कता बढ़ाने, विशेषकर बॉर्डर क्षेत्रों में कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राज्यों की सीमाओं पर सघन चेकिंग अभियान निरंतर जारी रहें तथा अंतरराष्ट्रीय सीमाओं पर अतिरिक्त सावधानी बरती जाए।

उन्होंने सभी सीमावर्ती व संवेदनशील क्षेत्रों में ANPR कैमरे लगाने के निर्देश दिए, ताकि संदिग्ध वाहनों की रियल-टाइम ट्रैकिंग और निगरानी और अधिक प्रभावी बनाई जा सके।

गृह सचिव ने प्रमुख पर्यटन स्थलों पर चेकिंग अभियान को तेज करने के साथ-साथ धार्मिक स्थलों की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के निर्देश दिए। शहरों और अन्य संवेदनशील इलाकों में सीसीटीवी कैमरों की उपलब्धता, उनकी कार्यशीलता तथा उनकी रियल-टाइम मॉनिटरिंग की पूरी व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया।

उन्होंने कहा कि राज्यवासियों और पर्यटकों की सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी जिलाधिकारियों और पुलिस अधीक्षकों को निर्देश दिया गया कि सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ करने के लिए यदि अतिरिक्त मैनपावर, तकनीकी समर्थन या अन्य संसाधनों की आवश्यकता हो, तो तत्काल शासन को अवगत कराएं।

गृह सचिव बगौली ने सभी सरकारी कार्यालयों के आसपास के क्षेत्रों को भी सीसीटीवी की पूर्ण कवरेज में लाने के निर्देश दिए।
उन्होंने जनता से भी सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन करने और सहयोग बनाए रखने की अपील की।

Leave a Comment