कुठालगेट और साईं मंदिर चौराहे जनमानस को समर्पित
देहरादून: दून शहर के दो प्रमुख चौराहों कुठालगेट और साईं मंदिर का सौंदर्यीकरण एवं चौड़ीकरण कार्य पूरा होकर जनमानस को समर्पित किया गया। प्रभारी मंत्री सुबोध उनियाल, कृषि एवं ग्राम्य विकास मंत्री गणेश जोशी और राज्यसभा सांसद नरेश बंसल ने संयुक्त रूप से इन कार्यों का लोकार्पण किया। जिला प्रशासन ने अपने आईडिया, डिज़ाइन और क्रियान्वयन से मात्र छह महीनों में दोनों चौराहों को दोगुना चौड़ा करने के साथ ही उन्हें आधुनिक, सुरक्षित और सांस्कृतिक पहचान से समृद्ध स्वरूप दिया है।
यह परियोजना स्मार्ट सिटी लिमिटेड के वित्त पोषण से पूर्ण हुई, जिसमें कुठालगेट पर 135 लाख और साईं मंदिर पर 85 लाख रुपये की लागत आई। दोनों स्थलों पर अतिरिक्त स्लिप रोड्स, राउंडअबाउट, पहाड़ी शैली का सौंदर्यकरण, विशिष्ट लाइटिंग तथा राज्य निर्माण आंदोलन, संस्कृति और लोकपरंपरा को दर्शाने वाली कलाकृतियाँ स्थापित की गई हैं।
मंत्री सुबोध उनियाल ने इसे “राज्य निर्माण संघर्ष और लोक-संस्कृति की झलक दिखाने वाला अभिनव प्रयास” बताया। मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि नया स्वरूप न केवल यातायात सुगम बनाएगा, बल्कि दून की पारंपरिक पहचान को भी निखारेगा। जिलाधिकारी सविन बंसल के अनुसार, दून में पहली बार यातायात सुगमता, जनसुरक्षा और लोक-संस्कृति दर्शन को एक साथ जोड़कर आधुनिक चौराहे विकसित किए गए हैं।
