Udayprabhat
uttrakhand

Uttarakhand: बीते तीन वर्षों में बने स्थायी निवास प्रमाण पत्रों की होगी जांच: सीएम धामी

सीएम ने गलत तरीके से बने प्रमाण पत्र में संलिप्त लोगों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश

देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य के जिलाधिकारियों को पिछले तीन साल में बने स्थायी निवास प्रमाण पत्रों की जांच के निर्देश दिए हैं और गलत तरीके से बने प्रमाण पत्र में संलिप्त लोगों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।

बता दें कि हाल में नैनीताल व अन्य के स्थानों में उत्तर प्रदेश के निवासियों द्वारा फर्जी दस्तावेजों से उत्तराखंड के स्थायी निवास पाने के मामले सामने आए हैं। सोमवार को जिलाधिकारियों व वरिष्ठ अधिकारियों के साथ वर्चुअल माध्यम से समीक्षा बैठक में राज्य के विकासकार्यों की प्रगति, जनशिकायतों के त्वरित निस्तारण और प्रशासनिक सुधारों की समीक्षा की। मुख्यमंत्री ने राज्य स्थापना की रजत जयंती पर सफल कार्यक्रम के आयोजन के लिए अधिकारियों को बधाई दी।

उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री द्वारा राज्य के विकास के संबंध में महत्वपूर्ण मार्गदर्शन दिया गया। मुख्यमंत्री ने राष्ट्रीय और आंतरिकसुरक्षा को सुदृढ़ बनाने के लिए जिला स्तर पर नियमित सत्यापन और निरीक्षण अभियान चलाने का निर्देश दिया। उन्होंने सीमा क्षेत्रों में विशेष निगरानी बनाए रखने और प्रमुख पर्यटन स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही, शहरों और संवेदनशील इलाकों में सीसीटीवी कैमरों की पूरी व्यवस्था और उनकी रियल-टाइम मानिटरिंग सुनिश्चित करने को कहा।

उन्होंने कहा कि सुरक्षा के लिए आवश्यक मैनपावर, तकनीक और अन्य संसाधनों की जरूरत होने पर मुख्यालय और शासन को अवगत कराने का भी निर्देश दिया गया। नशा समस्या परनियंत्रण लिए संभावित क्षेत्रों में सीसीटीवी कैमरों की स्थापना और डीजीपी केमार्गदर्शन में नशा मुक्ति अभियान के लिए समर्पित टीम बनाने की व्यवस्था की जाएगी। मुख्यमंत्री ने सड़क पर घूमते बेसहारा पशुओं के प्रबंधन, स्वास्थ्य सेवाओं की सुचारू व्यवस्था, बागवानी के विकास और भूमि अतिक्रमण जैसी महत्वपूर्ण व्यवस्थाओं का पालन सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।

मुख्यमंत्री ने बैठक में प्रशासनिक कार्यों में पारदर्शिता लाने, कानून व्यवस्था को सुदृढ़ करने, आगामी शीतकालीन यात्रा की तैयारियों को तेज करने, सभी पर्यटक स्थलों पर सड़क, पेयजल, पार्किंग जैसी सुविधाओं को मजबूत करने के निर्देश दिए। उन्होंने राज्य की सभी सड़कों को प्राथमिकता के आधार पर गड्ढ़ा मुक्त करने के निर्देश दिए।

बैठक में प्रमुख सचिव आरके सुधांशु, पुलिस महानिदेशक दीपमसेठ, अपर पुलिस महानिदेशक अभिसूचना एवं सुरक्षा अभिनव कुमार, कुमाऊं मण्डल आयुक्त दीपक रावत सहित वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

Leave a Comment