लेह के ऊंचे पहाड़ और कठिन मौसम में 120 बहादुर की शूटिंग का BTS वीडियो हुआ रिलीज
मुंबई: अपनी रिलीज से कुछ ही समय पहले बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘120 बहादुर’ का बिहाइंड-द-सीन्स (BTS) वीडियो सामने आया है, जिसमें दर्शकों को लेह की कठोर सर्दियों और बेहद चुनौतीपूर्ण मौसम में हुई शूटिंग की एक झलक देखने को मिलती है। ऊँची पहाड़ियों, तेज हवाओं और जमा देने वाली ठंड के बीच फिल्म की टीम ने कैसे दृश्यों को जीवंत बनाया, यह वीडियो उसी समर्पण को दर्शाता है।
यह फिल्म 1962 के भारत-चीन युद्ध के दौरान हुई ऐतिहासिक रेजांग ला की लड़ाई पर आधारित है, जहाँ भारतीय सेना की 13 कुमाऊं रेजिमेंट के 120 जवानों ने अदम्य साहस दिखाते हुए अंतिम सांस तक मोर्चा संभाले रखा था। फिल्म में फरहान अख्तर मेजर शैतान सिंह भाटी (पीवीसी) की भूमिका निभा रहे हैं, जिन्हें इस वीरता के लिए मरणोपरांत परमवीर चक्र से सम्मानित किया गया था।
कहानी के केंद्र में बार-बार गूंजने वाली पंक्ति “हम पीछे नहीं हटेंगे” सैनिकों के अटूट जज़्बे और देशभक्ति की आत्मा को उजागर करती है।
फिल्म का निर्देशन रजनीश ‘रेजी’ घई ने किया है, जबकि इसे रितेश सिधवानी और फरहान अख्तर (एक्सेल एंटरटेनमेंट) तथा अमित चंद्रा (ट्रिगर हैप्पी स्टूडियोज) ने मिलकर प्रोड्यूस किया है। ‘120 बहादुर’ 21 नवंबर 2025 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है।
