Udayprabhat
Breaking Newsखेलदेश

भारत बना दोबारा विश्व विजेता, महिला कबड्डी टीम ने जीता लगातार दूसरा वर्ल्ड कप

India Wins Womens Kabaddi World Cup: भारतीय महिला कबड्डी टीम के वर्ल्ड कप जीतने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत अन्य बड़ी हस्तियों ने बधाई दी.

India Wins Womens Kabaddi World Cup: भारतीय महिला कबड्डी टीम ने एक बार फिर इतिहास रचते हुए महिला कबड्डी वर्ल्ड कप 2025 का खिताब अपने नाम कर लिया। ढाका में खेले गए फाइनल मुकाबले में भारत ने दमदार प्रदर्शन करते हुए चीनी ताइपे को 35-28 से हराया और लगातार दूसरी बार विश्व चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया।

यह टूर्नामेंट अब तक दो बार आयोजित हुआ है, और दोनों बार खिताब पर भारत का दबदबा रहा है। टीम के इस शानदार प्रदर्शन ने देश का सिर गर्व से ऊँचा कर दिया। जीत के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत कई दिग्गज हस्तियों ने खिलाड़ियों को बधाई दी।

भारत ने पूरे टूर्नामेंट में बेहतरीन फॉर्म दिखाया। टीम ने अपने सभी ग्रुप मैच जीतते हुए सेमीफाइनल में प्रवेश किया, जहाँ उसने ईरान को 33-21 से मात देकर फाइनल का टिकट हासिल किया। वहीं चीनी ताइपे ने भी अपने ग्रुप के सभी मैच जीते और सेमीफाइनल में मेजबान बांग्लादेश को 25-18 से हराकर फाइनल में पहुँचा।

फाइनल भिड़ंत रोचक और जबरदस्त रही, दोनों टीमों ने कड़ी टक्कर दी, लेकिन अंत में भारतीय खिलाड़ियों ने अनुभव और फिटनेस के दम पर मैच को अपने पक्ष में कर लिया। कुल 11 देशों ने इस टूर्नामेंट में हिस्सा लिया, जो महिला कबड्डी की बढ़ती लोकप्रियता का संकेत है। ग्रुप A में भारत ने चार में चार जीत दर्ज की, जबकि चीनी ताइपे ने ग्रुप B में पांच मैचों में पांच जीत के साथ शीर्ष स्थान हासिल किया।

पीएम मोदी ने दी टीम को बधाई

इस जीत के बाद पीएम मोदी ने टीम को बधाई दी है. उन्होंने एक्स प लिखा, ‘कबड्डी वर्ल्ड कप 2025 जीतकर देश को गर्व महसूस कराने के लिए हमारी इंडियन विमेंस कबड्डी टीम को बधाई. उन्होंने जबरदस्त हिम्मत, स्किल्स और डेडिकेशन दिखाया है. उनकी जीत अनगिनत युवाओं को कबड्डी में आगे बढ़ने, बड़े सपने देखने और ऊँचे लक्ष्य रखने के लिए प्रेरित करेगी.

राहुल गांधी ने भी जीत पर किया पोस्ट

कांग्रेस लीडर राहुल गांधी ने पोस्ट कर लिखा, ‘ भारतीय महिला कबड्डी टीम को वर्ल्ड कप घर लाने और देश को गर्व से भरने के लिए बधाई. आपका धैर्य, अनुशासन और साहस भारत की भावना को दर्शाता है. देश आपको सलाम करता है. जय हिंद’.

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने लिखा, ‘भारत अपनी बेटियों की ताकत और पक्के इरादे की वजह से वर्ल्ड कप की जीत का जश्न मना रहा है. ढाका में चीनी ताइपे पर 35-28 से शानदार जीत के बाद भारतीय महिला कबड्डी टीम को कबड्डी वर्ल्ड कप 2025 जीतने पर बहुत-बहुत बधाई, यह आपका लगातार दूसरा खिताब है’.

अमित शाह ने लिखा खास संदेश

गृहमंत्री अमित शाह ने लिखा, ‘ हमारी महिला कबड्डी टीम के इतिहास रचने पर बहुत गर्व का पल है. महिला कबड्डी वर्ल्ड कप 2025 जीतने के लिए पूरी टीम को बधाई. आपकी शानदार जीत यह दिखाती है कि भारत का खेल टैलेंट किसी से कम नहीं है. आपके भविष्य के प्रयासों के लिए मेरी शुभकामनाएं’.

Leave a Comment