Udayprabhat
uttrakhandदेहरादून

मुख्यमंत्री के निरीक्षण ने बदली तस्वीर, आईएसबीटी की व्यवस्था हुई चकाचक

साफ सुथरी व्यवस्था से राहत, यात्रियों और दुकानदारों ने की खुलकर सराहना

देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा हाल ही में किए गए देहरादून आईएसबीटी के औचक निरीक्षण का सीधा असर अब बस अड्डे की व्यवस्थाओं में साफ दिखाई दे रहा है। मुख्यमंत्री के सख़्त निर्देशों के बाद यहां सफाई व्यवस्था, यात्री सुविधाएं, सुरक्षा प्रबंधन और बस संचालन से जुड़ी खामियों में उल्लेखनीय सुधार हुआ है। इसका लाभ सीधे तौर पर यात्रियों और स्थानीय व्यापारियों को मिल रहा है।

निरीक्षण के बाद बस अड्डे पर साफ-सफाई को प्राथमिकता देते हुए पूरे परिसर की नियमित मॉनिटरिंग शुरू कर दी गई है। यात्री सूचना बोर्ड, अनाउंसमेंट सिस्टम और टिकट काउंटर को भी दुरुस्त किया गया है। पेयजल और शौचालयों के बाहर बैठने के पर्याप्त इंतज़ामों ने यात्रियों को राहत दी है। वहीं सुरक्षा के लिहाज़ से निष्क्रिय पड़े सीसीटीवी कैमरों को फिर से चालू किया गया है और सिक्योरिटी गार्ड प्लेटफार्मों पर नियमित गश्त करते दिखाई दे रहे हैं।

बस स्टैंड परिसर में पार्किंग व्यवस्था को सुव्यवस्थित किया गया है, जिससे अव्यवस्था और भीड़भाड़ पर नियंत्रण हुआ है। आईएसबीटी को और आधुनिक बनाने के लिए बड़े साइन बोर्ड की स्थापना और क्षतिग्रस्त प्लेटफार्म पत्थरों का पुनर्निर्माण भी शुरू कर दिया गया है। परिसर की सड़क निर्माण के लिए टेंडर जारी होने के बाद जल्द ही नया रूप दिखाई देगा। साथ ही यात्रियों को भविष्य में नए प्लेटफार्म की सुविधा भी मिलने वाली है।

स्थानीय दुकानदार सचिन रतूड़ी ने बताया कि मुख्यमंत्री के निरीक्षण के बाद सफाई और सुविधाओं में बड़ा बदलाव आया है। आगरा से आए यात्री मोहित बघेल ने व्यवस्थाओं को ‘धार्मिक राज्य के अनुरूप’ बताया। वहीं चीफ सिक्योरिटी ऑफिसर केशवानंद गुवाड़ी ने कहा कि मुख्यमंत्री की “स्वच्छ और शुभ यात्रा” की दृष्टि बस अड्डे की बदलती तस्वीर में स्पष्ट दिखाई दे रही है।

Leave a Comment