चार दिनों से इंडिगो की उड़ानें रद्द/देरी से, देशभर में 500+ फ्लाइटें ठप, DGCA ने दिए राहत निर्देश
देहरादून: देश की सबसे बड़ी एयरलाइन इंडिगो पिछले चार दिनों से गंभीर अव्यवस्थाओं का सामना कर रही है। उड़ानों में लगातार देरी और रद्दीकरण के चलते यात्रियों का गुस्सा चरम पर पहुंच गया है। शुक्रवार, 5 दिसंबर को देहरादून के जौलीग्रांट एयरपोर्ट से इंडिगो की 13 उड़ानें एक साथ रद्द की गईं, जिससे यात्रियों में भारी नाराजगी देखने को मिली।
रद्द हुई उड़ानों में दिल्ली, हैदराबाद, कोलकाता और मुंबई जैसे बड़े शहरों के लिए निर्धारित फ्लाइटें शामिल थीं। कई यात्री सुबह से एयरपोर्ट पर मौजूद थे और अचानक हुई घोषणा के बाद उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ा। यात्रियों ने एयरलाइन पर समय पर सूचना न देने का आरोप लगाया।
एयरपोर्ट डायरेक्टर भूपेश नेगी ने बताया कि इंडिगो ने शुक्रवार के लिए देहरादून से सभी उड़ानें रद्द कर दी हैं। प्रभावित यात्रियों की सहायता के लिए एयरलाइन द्वारा एक विशेष हेल्प डेस्क स्थापित किया गया है। लगभग 100 से अधिक यात्री एयरपोर्ट पर सहायता प्राप्त कर रहे हैं, जहाँ एयरपोर्ट अथॉरिटी और इंडिगो टीम दोनों मदद में लगे हैं।
जानकारी के अनुसार इंडिगो इस समय अपने सबसे बड़े ऑपरेशनल संकट से गुजर रही है। एक दिन में 500 से ज्यादा उड़ानें देशभर में रद्द हो चुकी हैं। हालात को देखते हुए DGCA ने पायलटों की ड्यूटी से जुड़े नियमों में राहत देते हुए पिछले निर्देशों को तत्काल प्रभाव से वापस ले लिया है। नियामक के अनुसार यह कदम उड़ानों को जल्द सामान्य करने में मदद करेगा।
ध्यान देने वाली बात है कि नवंबर माह में भी इंडिगो ने अपने नेटवर्क में 1,232 उड़ानें रद्द की थीं। 400 से अधिक एयरक्राफ्ट और रोज़ाना 2,300 से ज्यादा उड़ानों के बावजूद एयरलाइन को परिचालन संकट ने बुरी तरह प्रभावित किया है। सरकार ने कहा है कि वह इंडिगो के संचालन और यात्रियों को मिलने वाली सेवाओं पर लगातार नजर बनाए हुए है।
