Udayprabhat
Breaking Newsuttrakhandएजुकेशन

PCS मेंस परीक्षा स्थगित को लेकर बड़ी खबर, हाईकोर्ट ने परीक्षा रोकी, UKPSC करेगा सुप्रीम कोर्ट में अपील

हाईकोर्ट ने दिया पुन: परिणाम जारी करने का आदेश

देहरादून: उत्तराखंड पीसीएस मुख्य परीक्षा को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है। प्रारंभिक परीक्षा में गलत प्रश्न पूछे जाने के मामले पर दायर याचिका के बाद उत्तराखंड हाईकोर्ट द्वारा परीक्षा स्थगित किए जाने के निर्देश के बाद अब उत्तराखंड लोक सेवा आयोग (UKPSC) सुप्रीम कोर्ट जाने पर विचार कर रहा है। आयोग ने इस मामले में अपनी लीगल सेल से सुझाव भी मांगे हैं।

पीसीएस मुख्य परीक्षा 6 और 9 दिसंबर को आयोजित होनी थी, लेकिन हाईकोर्ट के आदेशों के बाद आयोग ने परीक्षा को स्थगित करते हुए आधिकारिक वेबसाइट पर इसकी सूचना जारी कर दी है।

हाईकोर्ट ने कहा है कि सामान्य अध्ययन (GS) के एक गलत प्रश्न को हटाकर प्रारंभिक परीक्षा का संशोधित परिणाम जारी किया जाए, और नई मेरिट लिस्ट प्रकाशित की जाए। इसी निर्देश के बाद वर्तमान चयन प्रक्रिया रुक गई है और UKPSC को नए परिणाम के इंतज़ार में आगे का शेड्यूल रोकना पड़ा है।

गौरतलब है कि PCS 2025 की प्रारंभिक परीक्षा में पूछे गए एक प्रश्न पर अभ्यर्थियों ने आपत्ति दर्ज कराई थी, जिसके आधार पर हाईकोर्ट में याचिका दायर की गई। अदालत ने माना कि प्रश्न त्रुटिपूर्ण है और इसके हटने के बाद संशोधित रिजल्ट जारी होना चाहिए।

नई मेरिट सूची जारी होने तक मुख्य परीक्षा आगे नहीं बढ़ सकती, इसी कारण पूरा एग्जाम शेड्यूल प्रभावित हुआ है। आयोग अब इस निर्देश के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट अपील करने की तैयारी में है और कानूनी राय का इंतजार कर रहा है।

 

लोक सेवा आयोग के सचिव अशोक पांडेय ने बताया कि
> “आयोग ने सभी विकल्प खुले रखे हैं। कानूनी राय मिलते ही आगे का निर्णय लिया जाएगा। हाईकोर्ट के निर्देश पर मुख्य परीक्षा फिलहाल स्थगित की गई है। नई परीक्षा तिथि जल्द घोषित की जाएगी।”

 

उधर, PCS अभ्यर्थी असमंजस में हैं और नए परिणाम व मुख्य परीक्षा की संशोधित तिथियों का इंतजार कर रहे हैं।

Leave a Comment