विकासनगर: बल्लूपुर–पांवटा राष्ट्रीय राजमार्ग पर सोमवार को तेज रफ्तार कार की टक्कर से हिमाचल प्रदेश के कुल्लू निवासी 68 वर्षीय सलगी राम की मृत्यु हो गई। हादसा तब हुआ जब हिमाचल के दस लोग भोजन के बाद सड़क पार कर रहे थे। इसी दौरान देहरादून की ओर से आ रही तेज स्पीड कार ने सलगी राम को जोरदार टक्कर मार दी।
घायल को तुरंत स्वामी विवेकानंद अस्पताल धर्मावाला ले जाया गया, जहाँ से हालत गंभीर होने पर देहरादून के महंत इंद्रेश अस्पताल रेफर किया गया। इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। पुलिस ने कार को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। तहरीर मिलने पर FIR दर्ज की जाएगी।
पिकअप चालक हादसे में गंभीर घायल
कालसी–हरिपुर मीनस मोटर मार्ग पर देर शाम एक पिकअप वाहन टिकरधार के पास अनियंत्रित होकर करीब 20 मीटर गहरी खाई में गिर गया। दुर्घटना में हिमाचल के कुमड़ा निवासी चालक बिलाल गंभीर रूप से घायल हो गया।
राजस्व पुलिस व स्थानीय लोगों की मदद से चालक को खाई से निकालकर हरबटपुर लेहमन अस्पताल भेजा गया, जहाँ उपचार जारी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार पिकअप विकासनगर से शिमला की ओर पौधे और चूना लेकर जा रही थी।
