STF ने चंपावत SOG के साथ मिलकर बनबसा में हेरोइन ड्रग तस्करों को गिरफ्तार किया. एसटीएफ की इस साल की सबसे बड़ी कार्रवाई है.
देहरादून: उत्तराखंड एसटीएफ (स्पेशल टास्क फोर्स) ने नशा तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए नेपाल सप्लाई होने जा रही करोड़ों रुपये की हेरोइन पकड़ी है। एसटीएफ कुमाऊं यूनिट ने एसओजी चंपावत और थाना बनबसा पुलिस के साथ संयुक्त ऑपरेशन में तीन अंतरराज्यीय नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से करीब 800 ग्राम हेरोइन बरामद की गई है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 2 करोड़ 40 लाख रुपये बताई जा रही है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुरज दीप सिंह, करनेल सिंह और गुरमीत सिंह के रूप में हुई है। तीनों आरोपी उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले के निवासी हैं और लंबे समय से नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त बताए जा रहे हैं। पुलिस के अनुसार, यह वर्ष 2025 में उत्तराखंड में एसटीएफ द्वारा की गई हेरोइन की अब तक की सबसे बड़ी बरामदगी है।
जांच में सामने आया है कि आरोपी बाइक के जरिए उत्तर प्रदेश से उत्तराखंड होते हुए नेपाल में हेरोइन की सप्लाई करने जा रहे थे। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे पहले भी उत्तराखंड, नेपाल, मुंबई और गोवा में नशीले पदार्थों की खेप पहुंचा चुके हैं। तस्करी के इस नेटवर्क में कई अन्य ड्रग पैडलरों के शामिल होने की जानकारी भी सामने आई है, जिन पर जल्द कार्रवाई की जाएगी।
एसएसपी एसटीएफ नवनीत भुल्लर ने बताया कि मुख्यमंत्री के “ड्रग्स-फ्री देवभूमि” अभियान के तहत राज्य में नशे के कारोबार पर सख्ती से रोक लगाने के निर्देश दिए गए हैं। इसी क्रम में यह कार्रवाई की गई है। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में से एक के खिलाफ लखीमपुर खीरी जिले में पहले से कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।
