देहरादून: उत्तराखंड के जौलीग्रांट स्थित एक निजी यूनिवर्सिटी में एमबीबीएस प्रथम वर्ष की छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। छात्रा का शव हॉस्टल के कमरे में फंदे से लटका मिला, जिसके बाद विश्वविद्यालय प्रशासन में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई।
सूचना मिलने पर जौलीग्रांट चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतका की पहचान 19 वर्षीय छात्रा के रूप में हुई है, जो मूल रूप से उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर की रहने वाली थी और वर्तमान में एमबीबीएस प्रथम वर्ष की पढ़ाई कर रही थी।
चौकी प्रभारी ईश्वर सिंह सैनी ने बताया कि जब छात्रा काफी देर तक अपने कमरे से बाहर नहीं निकली तो सहपाठियों को संदेह हुआ। दरवाजा खोलने पर छात्रा पंखे से लटकी हुई मिली। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।
सीओ सदर विवेक कुटियाल ने बताया कि प्रारंभिक जांच और सहपाठियों से मिली जानकारी के आधार पर किसी छात्र के साथ हुए विवाद की बात सामने आ रही है, हालांकि अभी तक कोई ठोस साक्ष्य बरामद नहीं हुआ है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी है।
पुलिस ने मृतका के परिजनों को सूचना देकर मुजफ्फरनगर से देहरादून बुला लिया है। अधिकारियों के अनुसार, परिजनों की मौजूदगी में ही पोस्टमार्टम कराया जाएगा और आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही छात्रा के मोबाइल फोन और सोशल मीडिया अकाउंट्स की भी जांच की जा रही है, ताकि मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके।
