Udayprabhat
uttrakhandदेहरादून

देहरादून में रोड कटिंग पर प्रशासन सख्त, लापरवाही पर होगी कार्रवाई

देहरादून: देहरादून में सड़क कटिंग के बाद मार्गों के रेस्टोरेशन कार्यों को लेकर प्रशासन सख्त हो गया है। लोक निर्माण विभाग के सचिव पंकज पाण्डेय ने जिलाधिकारी सविन बंसल और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ शहर के विभिन्न क्षेत्रों का निरीक्षण किया।

सुबह से शुरू हुए निरीक्षण में शहर के प्रमुख चौराहों और सड़कों का जायजा लिया गया। इस दौरान अधिकांश स्थानों पर कार्य संतोषजनक पाया गया, लेकिन कुछ जगहों पर सड़क का पुनर्स्थापन अधूरा मिला और मलबा सड़क पर फैला हुआ पाया गया, जिससे यातायात बाधित होने की आशंका जताई गई।

सचिव ने संबंधित विभागों और कार्यदायी संस्थाओं को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि रोड कटिंग के दौरान तय शर्तों और समयसीमा का पूरी तरह पालन किया जाए। कार्य पूरा होने के तुरंत बाद सड़कों का गुणवत्तापूर्ण रेस्टोरेशन और मलबे का निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि नियमों की अनदेखी करने वाली एजेंसियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही जिला प्रशासन की त्वरित कार्रवाई टीम (क्यूआरटी) को ऐसे कार्यों की लगातार निगरानी के निर्देश दिए गए हैं।

जिलाधिकारी सविन बंसल ने बताया कि विकास कार्यों के लिए रोड कटिंग की अनुमति निर्धारित मानकों और समयसीमा के तहत दी जाती है। अब एक समय में सीमित स्थानों पर ही कार्य की अनुमति दी जाएगी और तय अवधि में कार्य पूरा करने के बाद ही नए कार्यों को मंजूरी मिलेगी।

 

Leave a Comment