Udayprabhat
uttrakhandदेहरादून

देहरादून: शिक्षा विभाग का अधिकारी रिश्वत लेते गिरफ्तार, 1 लाख की घूस मांगने का आरोप

डोईवाला: देहरादून जिले के डोईवाला विकासखंड में तैनात उपखंड शिक्षा अधिकारी को विजिलेंस टीम ने रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी अधिकारी पर शिक्षा का अधिकार (आरटीई) के तहत छात्रों की प्रतिपूर्ति राशि के भुगतान के एवज में एक लाख रुपये की घूस मांगने का आरोप है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, उपखंड शिक्षा अधिकारी धनवीर सिंह बिष्ट ने ऋषिकेश क्षेत्र के एक निजी विद्यालय संचालक से आरटीई के अंतर्गत पढ़ रहे छात्रों के बिल पास कराने के लिए 1 लाख रुपये की मांग की थी। इस पर शिकायतकर्ता ने मामले की सूचना सतर्कता विभाग को दी।

शिकायत के आधार पर विजिलेंस टीम ने जाल बिछाया। तय योजना के तहत आरोपी अधिकारी नेपाली फार्म क्षेत्र में अपनी निजी गाड़ी से रिश्वत लेने पहुंचा। जैसे ही उसने शिकायतकर्ता से पैसे लिए, पहले से मौके पर मौजूद विजिलेंस टीम ने उसे तुरंत गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तारी के बाद आरोपी को रायवाला कोतवाली ले जाया गया, जहां उससे पूछताछ की जा रही है। विजिलेंस अधिकारियों के अनुसार, मामले की विस्तृत जांच जारी है और जल्द ही आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

बताया जा रहा है कि यह रिश्वत आरटीई के तहत निजी स्कूलों को मिलने वाली प्रतिपूर्ति राशि जारी करने के बदले मांगी जा रही थी। शिकायत मिलने के बाद सतर्कता विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को रंगे हाथों पकड़ लिया।

Leave a Comment