देहरादून: देहरादून में गैस सिलिंडर नहीं मिलने से लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित लोगों ने शिमला बाईपास पर जाम लगाकर गैस एजेंसी संचालकों और आपूर्ति विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। करीब एक घंटे तक सड़क जाम रहने से यातायात पूरी तरह प्रभावित रहा।
सड़क पर उतरे लोग, हालात हुए बेकाबू
नया गांव चौकी क्षेत्र में बड़ी संख्या में लोग सड़क पर उतर आए। प्रदर्शनकारियों ने गैस की किल्लत को लेकर प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाया। मौके पर पहुंची पुलिस को भीड़ को नियंत्रित करने में काफी मशक्कत करनी पड़ी, जिसके बाद जाम खुलवाया जा सका।
कालाबाजारी रोकने के लिए छापेमारी
एलपीजी की कालाबाजारी रोकने और होम डिलीवरी सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन की क्यूआरटी टीम ने जिले में कई गैस एजेंसियों पर छापेमारी की। टीम ने स्टॉक, सप्लाई और वितरण व्यवस्था की जांच की और एजेंसी संचालकों को सख्त निर्देश दिए कि वितरण में किसी भी तरह की लापरवाही न हो।
हजारों सिलिंडरों की आपूर्ति का दावा
प्रशासन के अनुसार, जिले में बुधवार को 17 हजार से ज्यादा घरेलू उपभोक्ताओं और 600 से अधिक व्यावसायिक उपभोक्ताओं को गैस सिलिंडर वितरित किए गए। साथ ही बड़ी संख्या में सिलिंडर का स्टॉक भी उपलब्ध बताया गया है।
प्रशासन के दावों के बावजूद आम लोगों में गैस की किल्लत को लेकर नाराजगी बनी हुई है। लोगों का कहना है कि उन्हें समय पर सिलिंडर नहीं मिल पा रहे, जिससे रोजमर्रा की जिंदगी प्रभावित हो रही है।
