Udayprabhat
Breaking Newsखेल

SRH vs LSG: लखनऊ की शानदार जीत, ऋषभ पंत की कप्तानी पारी से हैदराबाद 5 विकेट से हारा

कप्तान की नाबाद 68 रन की पारी और एडेन मार्कराम के 45 रन की बदौलत LSG ने आखिरी गेंद पर हासिल किया लक्ष्य

SRH vs LSG मैच: इंडियन प्रीमियर लीग 2026 के 10वें मुकाबले में लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) ने सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) को 5 विकेट से हराकर सीजन की पहली जीत दर्ज की। 157 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए लखनऊ ने यह मैच आखिरी गेंद पर अपने नाम किया। कप्तान ऋषभ पंत ने नाबाद 68 रन बनाकर टीम को जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई।

लखनऊ को मिली सीजन की पहली जीत

लक्ष्य का पीछा करते हुए लखनऊ को अच्छी शुरुआत मिली।एडेन मार्कराम  ने 27 गेंदों में 45 रन की तेज पारी खेली, जबकि मिचेल मार्श ने 14 रन बनाए। हालांकि, बीच के ओवरों में लगातार विकेट गिरने से टीम दबाव में आ गई। ऐसे समय में कप्तान पंत ने धैर्य और समझदारी से बल्लेबाजी की। उन्होंने 50 गेंदों में 68 रन बनाए, जिसमें 9 चौके शामिल थे। पंत ने बिना जोखिम लिए मैच को आखिरी तक ले जाकर शानदार तरीके से खत्म किया।

क्लासेन और रेड्डी की शानदार साझेदारी

पहले बल्लेबाजी करते हुए हैदराबाद की शुरुआत बेहद खराब रही और टीम ने 26 रन के अंदर 4 विकेट गंवा दिए। इसके बाद  हेनरिक क्लासेन और नितीश कुमार रेड्डी  ने पारी को संभाला।

दोनों बल्लेबाजों ने पांचवें विकेट के लिए 116 रन की साझेदारी की। क्लासेन ने 41 गेंदों में 62 रन बनाए, जबकि रेड्डी ने 33 गेंदों में 56 रन की तेज पारी खेली। इन दोनों की बदौलत SRH 156 रन तक पहुंच सका।

शमी की घातक गेंदबाजी

लखनऊ की जीत में गेंदबाजों का भी बड़ा योगदान रहा। मोहम्मद शमी ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 4 ओवर में सिर्फ 9 रन देकर 2 विकेट लिए। उन्होंने शुरुआत में ही अभिषेक शर्मा और ट्रेविस हेड को आउट कर हैदराबाद को दबाव में डाल दिया।
उनकी इस बेहतरीन गेंदबाजी के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। इसके अलावा आवेश खान और प्रिंस यादव ने भी 2-2 विकेट लेकर टीम को मजबूती दी।

 टीमों में बदलाव और हेड टू हेड

इस मुकाबले में लखनऊ ने अपनी प्लेइंग इलेवन में एक बदलाव करते हुए मणिमारन सिद्धार्थ को मौका दिया। वहीं हैदराबाद ने लियाम लिविंगस्टोन और हर्षल पटेल को टीम में शामिल किया।

हेड टू हेड रिकॉर्ड की बात करें तो LSG का पलड़ा भारी नजर आता है। दोनों टीमों के बीच अब तक 6 मुकाबले खेले गए हैं, जिसमें लखनऊ ने 4 मैच जीते हैं, जबकि हैदराबाद केवल 2 बार ही जीत सका है।

 

दोनों टीमों की प्लेइंग-11

लखनऊ सुपर जायंट्स: मिशेल मार्श, ऋषभ पंत (विकेटकीपर/कप्तान), एडेन मार्कराम, निकोलस पूरन, अब्दुल समद, मुकुल चौधरी, मणिमारन सिद्धार्थ, अवेश खान, मोहम्मद शमी, दिग्वेश सिंह राठी, प्रिंस यादव.

इम्पैक्ट प्लेयर विकल्प: आयुष बडोनी, मैथ्यू ब्रेट्जके, शाहबाज अहमद, एनरिक नॉर्टजे, हिम्मत सिंह.

सनराइजर्स हैदराबाद: ट्रैविस हेड, अभिषेक शर्मा, ईशान किशन (विकेटकीपर/कप्तान), हेनरिक क्लासेन, लियाम लिविंगस्टोन, अनिकेत वर्मा, नितीश कुमार रेड्डी, हर्ष दुबे, शिवांग कुमार, हर्षल पटेल, जयदेव उनादकट.

इम्पैक्ट प्लेयर विकल्प: ईशान मलिंगा, सलिल अरोड़ा, डेविड पेन, शिवम मावी, जीशान अंसारी.

Leave a Comment