टिम डेविड की तूफानी पारी और भुवनेश्वर कुमार की ऐतिहासिक गेंदबाजी से चेन्नई पर भारी पड़ी
RCB vs CSK: इंडियन प्रीमियर लीग 2026 के 11वें मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलुरु (RCB) ने एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) को 43 रनों से हराकर शानदार जीत दर्ज की। पहले बल्लेबाजी करते हुए RCB ने 250 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया, जिसके जवाब में CSK की टीम 207 रन ही बना सकी। यह चेन्नई की इस सीजन लगातार तीसरी हार है, जिससे टीम पर दबाव बढ़ गया है।

CSK का टॉप ऑर्डर फिर हुआ फ्लॉप
251 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी चेन्नई की शुरुआत बेहद खराब रही। टीम ने महज 30 रन पर अपने तीन अहम विकेट गंवा दिए।रुतुराज गायकवाड़ (9 रन), सैमसन (7 रन) और महात्रे (1 रन) सस्ते में आउट हो गए। टॉप ऑर्डर के इस खराब प्रदर्शन ने टीम को शुरुआत से ही दबाव में डाल दिया, जिससे वापसी करना मुश्किल हो गया।
सरफराज और प्रशांत ने संभाली पारी
शुरुआती झटकों के बाद सरफराज खान ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए 25 गेंदों में 50 रन बनाए, जिसमें 8 चौके और 2 छक्के शामिल थे। हालांकि, वह बड़ी पारी खेलने से चूक गए। इसके बाद प्रशांत वीर ने 29 गेंदों में 43 रन और जेमी ओवर्टन ने 16 गेंदों में 37 रन बनाकर टीम को 200 के पार पहुंचाया। इन पारियों की बदौलत CSK एक बड़ी हार से बचने में कामयाब रही।

भुवनेश्वर कुमार का ऐतिहासिक प्रदर्शन
RCB की ओर से भुवनेश्वर कुमार ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 4 ओवर में 41 रन देकर 3 विकेट हासिल किए। इसी के साथ उन्होंने आईपीएल में अपने 200 विकेट पूरे किए और यह उपलब्धि हासिल करने वाले दूसरे गेंदबाज बन गए।
उनके अलावा जैकब डफी, अभिनंदन और पांड्या ने भी 2-2 विकेट लेकर चेन्नई की बल्लेबाजी को पूरी तरह से रोक दिया।
RCB की विस्फोटक बल्लेबाजी
इससे पहले टॉस हारकर बल्लेबाजी करने उतरी RCB ने शुरुआत से ही आक्रामक रुख अपनाया। फिलिप साल्ट ने 30 गेंदों में 46 रन बनाए, जबकि विराट कोहली ने 18 गेंदों में 28 रन की तेज पारी खेली।
देवदत्त पडिक्कल ने 29 गेंदों में 50 रन और कप्तान रजत पाटीदार ने 19 गेंदों में 48 रन बनाए। अंत में टिम डेविड ने 25 गेंदों में 70 रन की तूफानी पारी खेलकर टीम का स्कोर 250 तक पहुंचा दिया। उनकी पारी में 8 छक्के शामिल थे, जिसने मैच का रुख पूरी तरह बदल दिया।

दोनों टीमों की प्लेइंग-11
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (प्लेइंग इलेवन): फिलिप साल्ट, विराट कोहली, देवदत्त पडिक्कल, रजत पाटीदार (कप्तान), जितेश शर्मा (विकेटकीपर), टिम डेविड, रोमारियो शेफर्ड, क्रुणाल पंड्या, भुवनेश्वर कुमार, अभिनंदन सिंह, जैकब डफी.
इम्पैक्ट प्लेयर विकल्प: सुयश शर्मा, जैकब बेथल, रसिख सलाम डार, कनिष्क चौहान, वेंकटेश अय्यर.
चेन्नई सुपर किंग्स (प्लेइंग इलेवन): संजू सैमसन (डब्ल्यू), रुतुराज गायकवाड़ (सी), आयुष म्हात्रे, सरफराज खान, शिवम दुबे, प्रशांत वीर, जेमी ओवरटन, नूर अहमद, अंशुल कंबोज, मैट हेनरी, खलील अहमद.
इम्पैक्ट प्लेयर विकल्प: मैथ्यू शॉर्ट, अकील होसेन, कार्तिक शर्मा, रामकृष्ण घोष, गुरजापनीत सिंह.
