KMVN के अधीन संचालित एजेंसी के प्रबंधक ने कथित रूप से विषाक्त पदार्थ लिया
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही साफ होंगे मौत के कारण, पुलिस जांच जारी
चंपावत: उत्तराखंड के चंपावत जिले से एक दुखद मामला सामने आया है, जहां कुमाऊं मंडल विकास निगम (KMVN) के तहत संचालित गैस एजेंसी के प्रबंधक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। बताया जा रहा है कि वह पिछले कुछ समय से मानसिक तनाव में थे।
जानकारी के अनुसार, 55 वर्षीय दयाल रावत, जो इंडेन गैस एजेंसी में प्रबंधक के पद पर तैनात थे, ने रविवार रात अज्ञात कारणों के चलते विषाक्त पदार्थ का सेवन कर लिया। हालत बिगड़ने पर उन्हें जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है, जिससे मौत के कारणों को लेकर स्थिति अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि गैस वितरण के बढ़ते दबाव के चलते वह काफी समय से तनाव में थे। हालांकि पुलिस का कहना है कि जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
