Udayprabhat
uttrakhandदेहरादून

विकासनगर में दो हार्डवेयर दुकानों में भीषण आग, लाखों का सामान जलकर राख

विकासनगर: देहरादून जिले के विकासनगर क्षेत्र के मंडी चौक में मंगलवार को दो हार्डवेयर की दुकानों में अचानक भीषण आग लग गई। आग की इस घटना से इलाके में अफरा-तफरी मच गई और दुकानों में रखा लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया।

मिली जानकारी के अनुसार, मंडी चौक स्थित नितिन धीमान की सटी हुई दो दुकानों में आग लगी। बताया जा रहा है कि दुकान मालिक सुबह दुकान खोलकर बच्चों को स्कूल छोड़ने गए थे। लौटने पर उन्होंने दुकान से धुआं उठता देखा, लेकिन तब तक आग ने विकराल रूप ले लिया और तेजी से फैल गई।

फायर ब्रिगेड ने पाया काबू

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं। डाकपत्थर से दो और सेलाकुई से एक फायर वाहन बुलाया गया। स्थानीय लोगों की मदद से करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर बमुश्किल काबू पाया गया।

लाखों का नुकसान, जनहानि टली

इस अग्निकांड में दुकान मालिक को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। हालांकि राहत की बात यह रही कि समय रहते आग पर नियंत्रण पा लिया गया, जिससे आसपास की अन्य दुकानें सुरक्षित बच गईं और कोई जनहानि नहीं हुई।

वरिष्ठ उपनिरीक्षक शिशुपाल राणा के अनुसार, डायल 112 पर सूचना मिलने के बाद तुरंत कार्रवाई की गई। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और नुकसान का आकलन किया जा रहा है।

Leave a Comment