चमोली: जनजातीय कार्य मंत्रालय भारत सरकार एवं आदिम जाति तथा जनजाति कल्याण विभाग, उत्तराखण्ड शासन के निर्देशानुसार सोमवार को जनपद चमोली में धरती आबा जनजाति ग्राम उत्कर्ष अभियान के अंतर्गत ‘जन भागीदारी- सबसे दूर सबसे पहले’ अभियान 2026 का शुभारंभ जिलाधिकारी गौरव कुमार ने किया। इस अवसर पर जनपद के सभी विभागाध्यक्षों को अभियान की रूपरेखा, उद्देश्य एवं कार्ययोजना की विस्तृत जानकारी दी गई।
जिलाधिकारी गौरव कुमार ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए जनजातीय क्षेत्रों के अधिकाधिक पात्र लाभार्थियों तक सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यह अभियान दूरस्थ एवं सीमांत जनजातीय क्षेत्रों तक शासन की योजनाओं को प्रभावी ढंग से पहुंचाने की महत्वपूर्ण पहल है।
अभियान के तहत जनपद चमोली की मलारी, गमशाली एवं माणा ग्राम पंचायतों में 20 एवं 22 मई को विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे। शिविरों में विभिन्न विभागों द्वारा आमजन को योजनाओं की जानकारी देने के साथ-साथ मौके पर ही लाभ उपलब्ध कराया जाएगा।
जिला समाज कल्याण अधिकारी धनंजय लिंगवाल ने बताया कि शिविरों में समाज कल्याण, स्वास्थ्य, शिक्षा, खाद्य, बैंकिंग, आधार, पेंशन, आयुष्मान, स्वरोजगार सहित विभिन्न विभागों की सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध रहेंगी। इससे दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले जनजातीय समुदायों को योजनाओं का त्वरित लाभ मिल सकेगा। उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक संख्या में शिविरों में पहुंचकर जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की।
