चमोली: बमोथ गांव में लंबे समय से जारी पेयजल संकट को लेकर ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। पेयजल लाइन का निरीक्षण करने पहुंचे जल निगम चमोली (गोपेश्वर) के अधिशासी अभियंता आर. सिंह का ग्रामीणों ने घेराव कर विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि पेयजल स्रोत में पर्याप्त पानी होने के बावजूद विभाग की लापरवाही के कारण गांव में नियमित जल आपूर्ति नहीं हो पा रही है। साथ ही वितरण व्यवस्था खराब होने से लोगों को गंभीर संकट का सामना करना पड़ रहा है।
पंचायत भवन में आयोजित बैठक के दौरान ग्रामीणों ने पेयजल लाइन के अलाइनमेंट में सुधार, गंदे व कीचड़युक्त टैंकों की सफाई तथा पेयजल आपूर्ति बढ़ाने के लिए आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराने की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र सुधार नहीं किया गया तो वे जिला मुख्यालय में आंदोलन करने को बाध्य होंगे।
वहीं अधिशासी अभियंता आर. सिंह ने ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि पेयजल लाइन की समस्याओं का जल्द समाधान कर आपूर्ति व्यवस्था को दुरुस्त किया जाएगा।
