हरिद्वार: हरिद्वार में चारधाम यात्रा अपने चरम पर है और तीर्थयात्रियों की संख्या में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इस उद्देश्य से जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने आज हरकी पौड़ी पहुंचकर यात्रा व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने चारधाम यात्रा से जुड़े सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी संवेदनशीलता के साथ करें। उन्होंने कहा कि बढ़ती भीड़ को देखते हुए किसी भी स्थान पर जाम या भीड़ का दबाव न बनने दिया जाए तथा यातायात व्यवस्था लगातार सुचारू रूप से संचालित रहे। उन्होंने सभी अधिकारियों को आपसी समन्वय बनाकर कार्य करने और भीड़ प्रबंधन को प्राथमिकता देने के निर्देश भी दिए।
इस दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर भी चारधाम यात्रा व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी कर रहे हैं। उन्होंने पुलिस और सुरक्षा बलों को यातायात व्यवस्था एवं भीड़ नियंत्रण को लेकर पूरी सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ ड्यूटी निभाने के निर्देश दिए हैं।
