Udayprabhat
uttrakhand

शादी में पिस्टल से फायरिंग करना पड़ा भारी, वायरल वीडियो के बाद दूल्हे पर मुकदमा

हरिद्वार: शादी समारोह में लाइसेंसी पिस्टल से फायरिंग कर सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल करना एक दूल्हे को भारी पड़ गया। वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए कनखल पुलिस ने जांच की और फायरिंग करने वाले युवक की पहचान योगेश कुमार निवासी टांडा मेहतौली, सुल्तानपुर, थाना लक्सर के रूप में की। पुलिस ने उसके खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, बीती 26 जुलाई को लक्सर रोड स्थित एक वाटिका फार्म में योगेश कुमार की शादी की पार्टी आयोजित की गई थी। इसी दौरान वह अपनी लाइसेंसी पिस्टल से कथित तौर पर कई राउंड फायरिंग करता नजर आया। फायरिंग का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की।

जांच के दौरान पुलिस ने वीडियो की पड़ताल कर फायरिंग करने वाले युवक की पहचान की। इसके बाद कनखल पुलिस ने योगेश कुमार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए मुकदमा दर्ज कर लिया।

पुलिस का कहना है कि शादी समारोह और सार्वजनिक आयोजनों में लाइसेंसी हथियार का इस तरह प्रदर्शन या बिना अनुमति फायरिंग करना नियमों का उल्लंघन है। समारोह में फायरिंग से बड़ा हादसा हो सकता था। हालांकि, इस मामले में गोलियां ऊपर की ओर चलाए जाने की बात सामने आई है और किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।

 

सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो का पुलिस ने संज्ञान लिया था. जांच के दौरान वीडियो में फायरिंग करने वाले युवक की पहचान योगेश कुमार के रूप में हुई. उसके द्वारा शादी समारोह के दौरान लाइसेंसी पिस्टल से बिना अनुमति फायरिंग किए जाने की पुष्टि हुई है. मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और जांच की जा रही है.
-देवेंद्र सिंह रावत,कनखल थाना प्रभारी

 

सोशल मीडिया पर रौब दिखाने और वीडियो बनाने के चक्कर में हथियारों का प्रदर्शन करने के मामले लगातार सामने आते रहे हैं। पुलिस की कार्रवाई के बाद ऐसे मामलों में लाइसेंसी हथियारों के दुरुपयोग को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।

Leave a Comment