नई दिल्ली: यूजीसी नेट जून 2026 को लेकर बड़ी खबर सामने आई है। राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) ने अंग्रेजी, कॉमर्स और समाजशास्त्र विषयों की परीक्षा दोबारा आयोजित करने का फैसला किया है। इन विषयों के प्रश्नपत्रों में कई गंभीर त्रुटियां मिलने के बाद यह निर्णय लिया गया। खास बात यह है कि री-एग्जाम के लिए अभ्यर्थियों से कोई अतिरिक्त शुल्क नहीं लिया जाएगा।
NTA के अनुसार, यूजीसी नेट जून 2026 की परीक्षा 22 से 30 जून के बीच 87 विषयों के लिए आयोजित की गई थी। यह परीक्षा JRF, असिस्टेंट प्रोफेसर पद के लिए पात्रता और पीएचडी कार्यक्रमों में प्रवेश के लिए आयोजित की जाती है।

प्रश्नपत्रों में मिलीं कई खामियां
अंग्रेजी, कॉमर्स और समाजशास्त्र के प्रश्नपत्रों की समीक्षा के दौरान तथ्यात्मक, टाइपिंग, अनुवाद और व्याकरण से जुड़ी गलतियां सामने आईं। इसके अलावा कुछ प्रश्नों की भाषा में भी त्रुटियां पाई गईं।
समिति की जांच में विद्वानों के नाम और पुस्तकों के शीर्षकों में गलतियां, कुछ प्रश्नों का दोहराव और स्थापित अवधारणाओं के लिए गैर-मानक शब्दों के इस्तेमाल जैसी कमियां भी सामने आईं। अभ्यर्थियों से मिली शिकायतों के बाद NTA ने मामले की जांच के लिए एक समिति गठित की थी।
एडमिट कार्ड और परीक्षा केंद्र की जानकारी बाद में
री-एग्जाम में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र, परीक्षा शहर और एडमिट कार्ड से संबंधित जानकारी NTA की आधिकारिक वेबसाइट पर अलग से उपलब्ध कराई जाएगी। उम्मीदवारों को सलाह दी गई है कि वे समय-समय पर आधिकारिक अपडेट चेक करते रहें।
कब होगी दोबारा परीक्षा?
- अंग्रेजी: 9 सितंबर 2026, सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक
- कॉमर्स: 9 सितंबर 2026, दोपहर 3 बजे से शाम 6 बजे तक
- समाजशास्त्र: 10 सितंबर 2026, सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक
84 विषयों की आंसर-की जारी
NTA ने 87 में से 84 विषयों की प्रोविजनल आंसर-की जारी कर दी है। हालांकि, अंग्रेजी, कॉमर्स और समाजशास्त्र विषयों की आंसर-की फिलहाल जारी नहीं की गई है। इन तीनों विषयों की परीक्षा दोबारा होने के बाद ही आगे की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
पहले भी सवालों के घेरे में रहा NTA
NTA की परीक्षा व्यवस्था को लेकर इससे पहले भी कई बार सवाल उठते रहे हैं। परीक्षा से जुड़ी गड़बड़ियों और पेपर लीक के मामलों के कारण एजेंसी को आलोचनाओं का सामना करना पड़ा है। ऐसे में यूजीसी नेट के तीन विषयों की दोबारा परीक्षा का फैसला एक बार फिर परीक्षा प्रक्रिया की पारदर्शिता और गुणवत्ता को लेकर चर्चा में है।
अभ्यर्थियों को सलाह है कि री-एग्जाम से जुड़ी तारीख, एडमिट कार्ड और परीक्षा केंद्र की जानकारी के लिए केवल NTA की आधिकारिक सूचना पर भरोसा करें।
