Udayprabhat
uttrakhand

“मेरा पानी पीकर वोट नहीं दिया तो पेट में पड़ेंगे कीड़े”- लक्सर के पूर्व विधायक संजय गुप्ता का बयान वायरल

लक्सर: हरिद्वार जिले की लक्सर विधानसभा सीट से पूर्व भाजपा विधायक संजय गुप्ता के एक बयान को लेकर राजनीतिक चर्चाएं तेज हो गई हैं। पूर्व विधायक के जन्मदिन के मौके पर आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और समर्थक पहुंचे थे। इसी दौरान अपने कार्यकाल में कराए गए विकास कार्यों का जिक्र करते हुए संजय गुप्ता ने मतदाताओं को लेकर एक टिप्पणी कर दी, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

कार्यक्रम में संजय गुप्ता ने अपने विधायक कार्यकाल के दौरान क्षेत्र में पेयजल व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए किए गए कार्यों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि उनके कार्यकाल से पहले कई इलाकों में लोगों को पानी की समस्या का सामना करना पड़ता था और खराब पानी मिलने की शिकायतें थीं। उनके मुताबिक, क्षेत्र में पानी की टंकियां बनवाकर लोगों तक साफ पेयजल पहुंचाने का काम किया गया।

इसी दौरान उन्होंने कहा, “मेरा पानी पीकर वोट नहीं दिया तो पेट में कीड़े पड़ेंगे।” उनके इस बयान के सामने आने के बाद राजनीतिक और सोशल मीडिया हलकों में इसे लेकर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। समर्थकों की ओर से इसे मजाकिया अंदाज में कही गई बात बताया जा रहा है, जबकि बयान को लेकर राजनीतिक चर्चाएं भी शुरू हो गई हैं।

जन्मदिन समारोह में पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद, अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष श्रीमहंत रविंद्रपुरी सहित भाजपा के कई नेता, पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम में संजय गुप्ता ने अपने राजनीतिक कार्यकाल और क्षेत्र में कराए गए विकास कार्यों को प्रमुखता से गिनाया।

गौरतलब है कि संजय गुप्ता ने 2012 के विधानसभा चुनाव में लक्सर सीट से जीत दर्ज कर पहली बार विधायक का चुनाव जीता था। इसके बाद 2017 में उन्होंने लगातार दूसरी बार विधानसभा चुनाव में जीत हासिल की। हालांकि, 2022 के विधानसभा चुनाव में उन्हें हार का सामना करना पड़ा। इस चुनाव में बहुजन समाज पार्टी के मोहम्मद शहजाद ने लक्सर सीट पर जीत दर्ज की थी।

Leave a Comment