Udayprabhat
uttrakhand

चमोली के नंदानगर में बड़ा भूस्खलन, मलबे की चपेट में आए दो वाहन क्षतिग्रस्त

चमोली: नंदानगर में गुरुवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब सितेल-सुतोल टैक्सी स्टैंड के पास अचानक पहाड़ी का एक बड़ा हिस्सा दरक गया। देखते ही देखते भारी मलबा और बड़े-बड़े बोल्डर सड़क किनारे खड़े वाहनों पर आ गिरे। हादसे में दो वाहन क्षतिग्रस्त हुए हैं।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, भूस्खलन के दौरान पहाड़ी से लगातार मलबा गिरता रहा, जिससे आसपास मौजूद लोगों में दहशत फैल गई। गनीमत रही कि इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

नंदानगर पुलिस के एसआई मनोज भट्ट ने बताया कि सितेल-सुतोल टैक्सी स्टैंड के समीप पहाड़ी का हिस्सा अचानक टूटने से भूस्खलन हुआ। मलबे की चपेट में आने से दो वाहन क्षतिग्रस्त हुए हैं। पुलिस ने सुरक्षा को देखते हुए लोगों से भूस्खलन प्रभावित क्षेत्र और टैक्सी स्टैंड के पास नहीं जाने की अपील की है।

सबसे बड़ी चिंता यह है कि भूस्खलन वाले स्थान के ठीक नीचे सड़क से वाहनों की आवाजाही बनी रहती है। ऐसे में पहाड़ी से दोबारा मलबा या पत्थर गिरने की स्थिति में बड़ा हादसा हो सकता है।

 

पहाड़ी से अभी भी लगातार मलबा और बड़े पत्थर गिर रहे हैं. ऐसे में प्रभावित क्षेत्र में आना जाना जोखिम में डालने के बराबर हो सकता है.
-मनोज भट्ट, एसआई-

बरसात के मौसम में चमोली जिले के संवेदनशील पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन का खतरा लगातार बना रहता है। सड़क मार्ग बाधित होने से ग्रामीणों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। नंदानगर की घटना ने एक बार फिर सड़क किनारे स्थित संवेदनशील पहाड़ियों की सुरक्षा और समय रहते एहतियाती कदम उठाने की जरूरत को सामने ला दिया है।

 

Leave a Comment