खटीमा/चंपावत: टनकपुर में मंगलवार को खेल महाकुंभ-मुख्यमंत्री चैंपियनशिप ट्रॉफी 2026 का भव्य शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। इस दौरान उन्होंने प्रदेश में खेल प्रतिभाओं को बढ़ावा देने के लिए सरकार की ओर से किए जा रहे प्रयासों को रेखांकित किया।
कार्यक्रम से पहले मुख्यमंत्री धामी खटीमा गोलीकांड की बरसी पर शहीद स्मारक पहुंचे और उत्तराखंड राज्य आंदोलन के दौरान शहादत देने वाले आंदोलनकारियों को श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद उन्होंने पीलीभीत रोड स्थित नवनिर्मित सिटी पार्क, जिसे ऑक्सीजन पार्क के रूप में विकसित किया गया है, का लोकार्पण कर इसे जनता को समर्पित किया।
LIVE: टनकपुर, चम्पावत में आयोजित खेल महाकुम्भ-मुख्यमंत्री चैम्पियनशिप ट्रॉफी-2026 का शुभारम्भhttps://t.co/XpBARXwtO5
— Pushkar Singh Dhami (@pushkardhami) September 1, 2026
29 खिलाड़ियों को मिल चुकी आउट ऑफ टर्न नौकरी
खेल महाकुंभ के शुभारंभ अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार खेलों को रोजगार और सम्मान से जोड़ने की दिशा में लगातार काम कर रही है। नई खेल नीति के तहत राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को आउट ऑफ टर्न सरकारी नौकरी देने की व्यवस्था की गई है। मुख्यमंत्री के मुताबिक, इस व्यवस्था के तहत अब तक 29 खिलाड़ियों को सरकारी सेवाओं में नियुक्ति दी जा चुकी है।
उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों को उनकी मेहनत का सम्मान समय पर मिले, इसके लिए पुरस्कार राशि सीधे उनके बैंक खातों में भेजी जा रही है। इस वर्ष करीब 11 करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि डीबीटी के माध्यम से खिलाड़ियों के खातों में भेजने की तैयारी है।
आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित यह पार्क शहरवासियों को स्वच्छ, सुंदर एवं स्वस्थ वातावरण उपलब्ध कराने के साथ ही बेहतर जनसुविधाओं का माध्यम बनेगा। यह पार्क खटीमा के सौंदर्यीकरण, पर्यावरण संरक्षण और नगरवासियों के लिए बेहतर सार्वजनिक स्थलों के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। pic.twitter.com/k0akrKRjnr
— Pushkar Singh Dhami (@pushkardhami) September 1, 2026
मुख्यमंत्री ने बताया कि इस बार खेल महाकुंभ में पिछले वर्ष की तुलना में अधिक खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। प्रदेश की सभी 70 विधानसभा सीटों की न्याय पंचायतों में खेल महाकुंभ का आयोजन किया जा रहा है।
खटीमा में बनेगा स्टेडियम और सर्किट हाउस
खटीमा में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री धामी ने क्षेत्र के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं भी कीं। उन्होंने खटीमा में स्टेडियम और सर्किट हाउस के निर्माण की घोषणा की। साथ ही सिटी पार्क के विस्तार की बात भी कही।
मुख्यमंत्री ने कहा कि खटीमा उनके लिए सिर्फ एक विधानसभा क्षेत्र नहीं, बल्कि परिवार की तरह है। क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में खटीमा में विकास कार्यों को और गति दी जाएगी।

आधुनिक सुविधाओं से लैस है ऑक्सीजन पार्क
पीलीभीत रोड पर विकसित किए गए सिटी पार्क को ऑक्सीजन पार्क के रूप में तैयार किया गया है। तराई पूर्वी वन प्रभाग की ओर से निर्मित इस पार्क में लोगों के स्वास्थ्य और मनोरंजन को ध्यान में रखते हुए कई सुविधाएं विकसित की गई हैं।
पार्क में ओपन जिम, वॉकिंग ट्रैक, चिल्ड्रन पार्क और ध्यान केंद्र समेत अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह पार्क स्थानीय लोगों को स्वच्छ, शांत और स्वस्थ वातावरण उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
