Udayprabhat
uttrakhand

पौड़ी: सोशल मीडिया पोस्ट पर विवाद के बाद दीपक कुमार गिरफ्तार, व्यापारी ने लगाए धमकी के आरोप

कोटद्वार: सोशल मीडिया पर एक पोस्ट को लेकर शुरू हुआ विवाद अब पुलिस कार्रवाई तक पहुंच गया है। कोटद्वार में पुलिस ने दीपक कुमार उर्फ ‘मोहम्मद दीपक’ को व्यापारी के साथ विवाद के मामले में गिरफ्तार किया है। व्यापारी ने आरोप लगाया है कि विवाद के दौरान उसके साथ बदसलूकी की गई और जान से मारने की धमकी दी गई।

जानकारी के अनुसार, उज्जैन में सड़क चौड़ीकरण के दौरान मस्जिद हटाए जाने से जुड़े घटनाक्रम को लेकर दीपक कुमार ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो पोस्ट किया था। इस पोस्ट पर कोटद्वार के व्यापारी संजीव टांक ने कमेंट किया, जिसके बाद दोनों के बीच विवाद हो गया।

मामले से जुड़ा एक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस होती दिखाई दे रही है। व्यापारी ने कोटद्वार कोतवाली में शिकायत दर्ज कराते हुए कार्रवाई की मांग की।

पौड़ी पुलिस के अनुसार, शिकायत के आधार पर कोतवाली कोटद्वार में बीएनएस की धारा 351(2) और 352 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। विवेचना के दौरान सामने आए तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर धारा 196 और 115 भी जोड़ी गईं। पुलिस ने दीपक कुमार को धारा 170 बीएनएस के तहत गिरफ्तार किया है।

इधर, घटना के बाद व्यापारियों में भी नाराजगी देखने को मिली। व्यापारियों ने पुलिस-प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी पाए जाने वाले व्यक्ति के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि यदि अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन तेज किया जा सकता है।

Leave a Comment