जवानों का बढ़ाया मनोबल, श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता
उत्तरकाशी: अपर पुलिस महानिदेशक अपराध एवं कानून व्यवस्था उत्तराखंड डॉ. वी. मुरुगेशन ने गंगोत्री धाम और गौमुख ट्रैक का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने पुलिस बल की तैनाती, यातायात, भीड़ प्रबंधन, पार्किंग और संवेदनशील स्थानों पर निगरानी की समीक्षा की।
गंगोत्री धाम में पुलिस चौकी के निरीक्षण के दौरान उन्होंने पुलिस, फायर और एसडीआरएफ कर्मियों को श्रद्धालुओं को व्यवस्थित दर्शन कराने तथा नदी घाटों पर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। धाम क्षेत्र में सीसीटीवी और ड्रोन से निगरानी बढ़ाने को भी कहा।
इसके बाद भोजवासा पुलिस चौकी पहुंचकर एडीजी ने दुर्गम परिस्थितियों में तैनात जवानों की सुविधाओं और समस्याओं की जानकारी ली तथा उनका मनोबल बढ़ाया। उन्होंने ट्रैकर्स, पर्यटकों और श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए सतर्क रहने और आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।
एडीजी ने गौमुख ट्रैक पर आने-जाने वाले प्रत्येक व्यक्ति का विवरण रजिस्टर में दर्ज करने, नियमित निगरानी रखने और किसी भी दुर्घटना या संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल उच्चाधिकारियों को देने को कहा। उन्होंने कहा कि चारधाम और गौमुख क्षेत्र में श्रद्धालुओं व पर्यटकों की सुरक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
