हरिद्वार: असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने हरिद्वार स्थित प्रसिद्ध नारायणी शिला मंदिर में पूजा-अर्चना कर अपने परिवार और प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की। मंदिर दर्शन के बाद उन्होंने मीडिया से बातचीत के दौरान विभिन्न राजनीतिक मुद्दों पर अपनी प्रतिक्रिया दी। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर निशाना साधा और दिल्ली में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को हटाने की मांग को लेकर हो रहे आंदोलन पर भी टिप्पणी की।
नारायणी शिला मंदिर में 12 वर्षों से कर रहे दर्शन
मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने बताया कि वह पिछले 12 वर्षों से नारायणी शिला मंदिर में पूजा-अर्चना के लिए आते रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस पवित्र स्थल पर पहुंचकर उन्हें शांति और सुकून का अनुभव होता है। इस बार भी उन्होंने विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना कर परिवार और प्रदेश की खुशहाली के लिए आशीर्वाद मांगा।
राहुल गांधी पर कसा तंज
मीडिया से बातचीत के दौरान राहुल गांधी के राष्ट्रपति और सुप्रीम
कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश से मिलने के मुद्दे पर सवाल पूछे जाने पर सरमा ने तंज भरे अंदाज में जवाब दिया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति पूरे देश के राष्ट्रपति हैं और उनसे कोई भी व्यक्ति मिल सकता है। इसी तरह सुप्रीम कोर्ट में भी प्रतिदिन हजारों लोग जाते हैं।
उन्होंने चंद्रयान और मंगलयान का जिक्र करते हुए राहुल गांधी पर कटाक्ष किया। उनके इस बयान को कांग्रेस नेता पर राजनीतिक निशाने के तौर पर देखा जा रहा है।
दिल्ली आंदोलन पर भी साधा निशाना
दिल्ली में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने की मांग को लेकर चल रहे आंदोलन पर प्रतिक्रिया देते हुए असम के मुख्यमंत्री ने इसे ‘तमाशा’ करार दिया। उन्होंने दावा किया कि देश की जनता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ खड़ी है और 140 करोड़ की आबादी वाले देश में आंदोलन में शामिल होने के लिए दिल्ली पहुंचने वाले लोगों की संख्या बहुत कम है।
‘कॉकरोच जनता पार्टी’ पर भी टिप्पणी
सरमा ने अपने बयान में ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ का जिक्र करते हुए कहा कि जो लोग खुद को कॉकरोच कहते हैं, उनके बारे में बात करने का कोई फायदा नहीं है। उन्होंने कहा कि चर्चा उन लोगों की होनी चाहिए, जो खुद को युवा शक्ति बताते हैं।
