Udayprabhat
uttrakhand

रिजॉर्ट मालिक पर महिला ने लगाए गंभीर आरोप, पुलिस ने शुरू की जांच

दिल्ली की महिला ने चकराता में रिजॉर्ट के मालिक के खिलाफ रेप का केस दर्ज कराया.

देहरादून: उत्तराखंड के चकराता क्षेत्र में स्थित एक रिजॉर्ट के मालिक के खिलाफ दिल्ली निवासी एक महिला ने यौन उत्पीड़न, ब्लैकमेलिंग और जान से मारने की धमकी देने के आरोप लगाए हैं। महिला की शिकायत पर दिल्ली पुलिस द्वारा दर्ज जीरो एफआईआर को आगे की कार्रवाई के लिए चकराता कोतवाली पुलिस के पास भेज दिया गया है। इसके बाद स्थानीय पुलिस ने आरोपी रिजॉर्ट मालिक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

शिकायत के अनुसार, महिला ने आरोप लगाया है कि वर्ष 2022 में चकराता स्थित एक रिजॉर्ट में उसके साथ कथित तौर पर जबरन शारीरिक संबंध बनाए गए थे। महिला का दावा है कि इस दौरान आरोपी ने उसकी कुछ आपत्तिजनक तस्वीरें और वीडियो भी बना लिए थे।

पीड़िता के मुताबिक, जब उसने इस कथित घटना का विरोध किया, तो आरोपी ने उसे जान से मारने की धमकी दी। महिला ने आरोप लगाया कि इसके बाद से ही तस्वीरों और वीडियो को सार्वजनिक करने की धमकी देकर उसे लगातार परेशान किया जा रहा था।

फोटो-वीडियो के जरिए ब्लैकमेल करने का दावा

महिला ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया है कि आपत्तिजनक तस्वीरों और वीडियो के माध्यम से उसे ब्लैकमेल किया गया और उसका मानसिक व यौन उत्पीड़न किया जाता रहा। मामले को लेकर महिला ने दिल्ली में पुलिस से शिकायत की थी, जिसके आधार पर जीरो एफआईआर दर्ज की गई।

 

दिल्ली निवासी महिला की ओर से स्थानीय थाने में जीरो एफआईआर दर्ज कराई गई थी, जिसे अब चकराता पुलिस को भेज दिया गया है. जिसके बाद रिजॉर्ट मालिक के खिलाफ के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए इसकी जांच महिला हेल्पलाइन प्रभारी उपनिरीक्षक दीपा शाह को सौंपी गई है. साथ ही मामले की जांच की जा रही है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल, महिला की ओर से लगाए गए आरोपों की जांच जारी है.
-बीएल भारती, प्रभारी, चकराता कोतवाली-

Leave a Comment