Udayprabhat
uttrakhand

नई टिहरी में हेलीकॉप्टर की इमरजेंसी लैंडिंग, तकनीकी खराबी के चलते पायलट ने लिया फैसला

नई टिहरी: उत्तराखंड में केदारनाथ धाम जा रहे एक हेलीकॉप्टर को शनिवार सुबह तकनीकी खराबी के चलते नई टिहरी के बौराड़ी स्टेडियम में एहतियातन उतारना पड़ा। हेलीकॉप्टर में पायलट समेत छह लोग सवार थे, जिनमें मुंबई के पांच यात्री शामिल थे।

जानकारी के मुताबिक, ट्रांस भारत का हेलीकॉप्टर देहरादून के सहस्त्रधारा से यात्रियों को लेकर गुप्तकाशी के रास्ते केदारनाथ धाम जा रहा था। इसी दौरान हेलीकॉप्टर में तकनीकी समस्या सामने आई। स्थिति को देखते हुए पायलट ने सूझबूझ दिखाते हुए सुबह करीब सात बजे बौराड़ी स्टेडियम में इमरजेंसी लैंडिंग कराई।

लैंडिंग के बाद हेलीकॉप्टर कुछ समय तक स्टेडियम में ही खड़ा रहा। इसके बाद हेलीकॉप्टर को वापस देहरादून के सहस्त्रधारा के लिए रवाना कर दिया गया।

घटना के दौरान यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता दी गई। फिलहाल, हेलीकॉप्टर में आई तकनीकी खराबी के सटीक कारणों और घटना से संबंधित अन्य पहलुओं पर आधिकारिक जानकारी सामने आने का इंतजार है।

Leave a Comment