Udayprabhat
Breaking Newsदेश

यूपी में राहुल गांधी के काफिले की गाड़ियां आपस में टकराईं, कई घायल, राहुल गांधी सुरक्षित

सुल्तानपुर, उत्तर प्रदेश: कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के उत्तर प्रदेश दौरे के दौरान उनके काफिले की कई गाड़ियां आपस में टकरा गईं। यह हादसा पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर 91वें किलोमीटर के माइलस्टोन के पास हुआ। घटना में कई लोगों के घायल होने की खबर है, जबकि राहुल गांधी सुरक्षित बताए जा रहे हैं।

पांच गाड़ियों और एंबुलेंस की हुई टक्कर

प्राप्त जानकारी के अनुसार, पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर राहुल गांधी के काफिले में शामिल पांच गाड़ियां और एक एंबुलेंस आपस में टकरा गईं। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। बताया जा रहा है कि दुर्घटना में कांग्रेस कार्यकर्ताओं, पार्टी पदाधिकारियों और सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े कुछ लोगों को चोटें आई हैं।

मानहानि मामले में अदालत में होनी थी पेशी

राहुल गांधी उत्तर प्रदेश के दौरे पर सुल्तानपुर जा रहे थे। यहां एमपी-एमएलए कोर्ट में उनके खिलाफ चल रहे मानहानि मामले में सुनवाई और फैसले को लेकर उनकी पेशी निर्धारित थी। इसी सिलसिले में वह लखनऊ से सड़क मार्ग के जरिए सुल्तानपुर के लिए रवाना हुए थे।

अमित शाह पर टिप्पणी से जुड़ा है मामला

यह मानहानि मामला अगस्त 2018 में दर्ज कराया गया था। आरोप है कि मई 2018 में कर्नाटक विधानसभा चुनाव के दौरान राहुल गांधी ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी की थी। इस टिप्पणी से आहत होने का हवाला देते हुए सुल्तानपुर के तत्कालीन सहकारी बैंक अध्यक्ष विजय मिश्रा ने अदालत में शिकायत दर्ज कराई थी।

शिकायत के आधार पर अदालत ने 27 नवंबर 2023 को राहुल गांधी को मुकदमे में पेश होने के लिए तलब किया था। बाद में अदालत में पेश होने पर उन्हें जमानत मिल गई थी।

मामले की सुनवाई पूरी होने के बाद अदालत ने फैसला सुरक्षित रख लिया था। अब इस मामले में अदालत के निर्णय पर सभी की नजरें टिकी हैं।

Leave a Comment