Udayprabhat
accidentuttrakhand

रामनगर में बाइक-स्कूटी की भीषण टक्कर, एक की मौत, तीन गंभीर घायल, हायर सेंटर रेफर

रामनगर: उत्तराखंड के रामनगर में सड़क हादसों का सिलसिला जारी है। ताजा घटना सांवल्दे गांव के पास की है, जहां देर रात बाइक और स्कूटी की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। हादसे में चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने बाइक सवार 55 वर्षीय दीपक मसी को मृत घोषित कर दिया, जबकि स्कूटी पर सवार तीन अन्य घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर भेज दिया गया।

जानकारी के अनुसार, रामनगर के बम्बाघेर निवासी दीपक मसी बाइक से जा रहे थे। इसी दौरान सांवल्दे गांव के पास उनकी बाइक सामने से आ रही स्कूटी से टकरा गई। स्कूटी पर तीन लोग सवार थे। इसे कानिया गांव निवासी 25 वर्षीय दीपक आर्या चला रहे थे। उनके साथ 26 वर्षीय पूजा और नैनीताल के ज्योलिकोट निवासी 20 वर्षीय दिव्या भी मौजूद थीं। बताया जा रहा है कि दोनों युवतियां क्षेत्र के एक रिसॉर्ट में काम करती हैं।

अस्पताल में एक ने तोड़ा दम, तीन की हालत गंभीर

दुर्घटना के बाद मौके पर पहुंचे स्थानीय लोगों ने सभी घायलों को रामदत्त संयुक्त चिकित्सालय पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने दीपक मसी को मृत घोषित कर दिया। वहीं, दीपक आर्या, पूजा और दिव्या की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर कर दिया गया।

अस्पताल की चिकित्सक डॉ. सारिका के मुताबिक, हादसे में घायल चारों लोगों को अस्पताल लाया गया था। इनमें दीपक मसी की पहले ही मौत हो चुकी थी, जबकि अन्य तीनों के सिर में चोटें आई थीं। उनकी स्थिति को देखते हुए सीटी स्कैन और न्यूरोसर्जरी से संबंधित उपचार के लिए हायर सेंटर भेजा गया।

पुलिस जुटी हादसे की जांच में

हादसे की सूचना पुलिस को दे दी गई है। पुलिस दुर्घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी है। फिलहाल यह जांच की जा रही है कि बाइक और स्कूटी की टक्कर किन परिस्थितियों में हुई। जांच पूरी होने के बाद सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Comment