रुड़की: हरिद्वार जनपद के मंगलौर कोतवाली क्षेत्र में एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को दहला दिया। पीरपुरा गांव के अंडरपास के पास एक तेज रफ्तार कैप्सूल ट्रक ने बाइक सवार तीन किशोरों को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे तीनों की दर्दनाक मौत हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तीनों किशोर एक ही बाइक पर सवार होकर जा रहे थे। जैसे ही वे पीरपुरा अंडरपास के पास पहुंचे, हरिद्वार की ओर जा रहा अनियंत्रित ट्रक उन्हें कुचलते हुए निकल गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई।

हादसे में अयान (16) और मोहम्मद रकीब (17) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीसरा किशोर मोहम्मद साकिब (16) गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान उसने भी दम तोड़ दिया।
घटना के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। साथ ही ट्रक को भी कब्जे में ले लिया गया है।
इस संबंध में ग्रामीण पुलिस अधीक्षक शेखर चंद्र सुयाल ने बताया कि फरार ट्रक चालक की तलाश जारी है और मामले की गहन जांच की जा रही है। तहरीर मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
हादसे की खबर जैसे ही मृतकों के गांव पहुंची, पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में मातम पसरा हुआ है।
