विकासनगर: उत्तराखंड में सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामला विकासनगर क्षेत्र के कालसी तहसील अंतर्गत बैराटखाई–गागंरोऊ मोटर मार्ग का है, जहां वायाधार के पास एक यूटिलिटी वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा। इस भीषण हादसे में अब तक तीन महिलाओं की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि पांच अन्य लोग घायल बताए जा रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, यूटिलिटी वाहन गागंरोऊ गांव से सवारियों को लेकर विकासनगर की ओर जा रहा था। वाहन में चालक समेत कुल आठ लोग सवार थे। जैसे ही वाहन वायाधार के समीप पहुंचा, अचानक चालक का संतुलन बिगड़ गया और वाहन सीधे खाई में जा गिरा।

हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और प्रशासन को सूचना दी। पुलिस व प्रशासन की टीम ने स्थानीय लोगों के सहयोग से तत्काल रेस्क्यू अभियान शुरू किया। दुर्घटना में एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायलों को खाई से बाहर निकालकर नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान एक और महिला ने दम तोड़ दिया। वहीं, गंभीर रूप से घायल एक महिला को हायर सेंटर रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में उसकी भी मौत हो गई। हादसे में घायल पांच लोगों का अस्पताल में उपचार जारी है।
पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और सड़क की खराब स्थिति को हादसे का कारण माना जा रहा है।
यूटिलिटी हादसे में मौत-
- लूसो देवी पत्नी नंदूदास (उम्र 65 वर्ष), निवासी- गागंरोऊ, कालसी, देहरादून
- गीता देवी पत्नी प्रकाश खन्ना (उम्र 35 वर्ष), निवासी- खुसियो, कालसी, देहरादून
- धनो देवी पत्नी संतू दास (उम्र वर्ष), निवासी- चिट्टाड, कालसी, देहरादून
“इस हादसे में एक महिला लूसो देवी की घटनास्थल पर ही मौत हो गई. जबकि, अस्पताल ले जाते समय गीता देवी और अस्पताल से हायर सेंटर रेफर के दौरान धनो देवी की मौत हुई है. जबकि, गंभीर रूप से घायलों को विकासनगर अस्पताल भिजवाया गया है.“- रविंद्र असवाल, नायब तहसीलदार, कालसी
