भारत ने दर्ज की लगातार चौथी जीत
शिवम दुबे के सर सजा ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ का ताज
IND vs NED: अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए सुपर स्टेज के रोमांचक मुकाबले में भारत ने नीदरलैंड्स को 17 रन से हराकर जीत की लय बरकरार रखी। पहले बल्लेबाजी करते हुए टीम इंडिया ने 20 ओवर में 6 विकेट पर 193 रन ठोके, जवाब में नीदरलैंड्स की टीम 176/7 तक ही पहुंच सकी।

शिवम दुबे बने ‘प्लेयर ऑफ द मैच’

दुबई की गर्मी जैसा ताप लेकर उतरे दुबे ने सिर्फ 31 गेंदों पर 66 रन जड़ दिए। उनकी पारी में बड़े-बड़े छक्कों की गूंज सुनाई दी। पहले 25 गेंदों में ही अर्धशतक पूरा कर भारत की रनगति को तेज किया। सिर्फ बल्ले से ही नहीं, गेंद से भी कमाल दिखाते हुए उन्होंने 2 अहम विकेट चटकाए और मैच का रुख भारत की ओर मोड़ दिया। शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए उन्हें ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया।
स्पिन के जादूगर वरुण चक्रवर्ती ने अपनी फिरकी से विपक्षी बल्लेबाजों को उलझाकर रख दिया। 3 ओवर में महज 14 रन देकर 3 विकेट यही वो स्पेल था जिसने नीदरलैंड्स की उम्मीदों पर ब्रेक लगा दिया। इसके अलावा हार्दिक और बुमराह ने भी एक-एक विकेट लेकर दबाव बनाए रखा।
नीदरलैंड्स के कई बल्लेबाजों को 20-30 रन की अच्छी शुरुआत मिली, लेकिन कोई भी उसे बड़े स्कोर में तब्दील नहीं कर सका। लगातार गिरते विकेट और बढ़ते रनरेट ने अंततः उन्हें लक्ष्य से 17 रन दूर रोक दिया।

अब अगली टक्कर साउथ अफ्रीका से
भारत का अगला मुकाबला 22 फरवरी को इसी मैदान पर साउथ अफ्रीका के खिलाफ सुपर-8 चरण में होगा। जीत के इस आत्मविश्वास के साथ टीम इंडिया मजबूत दावेदार के रूप में उतरेगी।
भारत – 193/6 (20 ओवर)
नीदरलैंड्स – 176/7 (20 ओवर)
परिणाम – भारत 17 रन से विजयी
अभिषेक लगातार तीसरी बार 0 पर आउट

टी20 रैंकिंग के नंबर-1 बल्लेबाज अभिषेक शर्मा इन दिनों अपने करियर के सबसे कठिन दौर से गुजर रहे हैं। नीदरलैंड्स के खिलाफ टी20 वर्ल्ड कप मुकाबले में वह लगातार तीसरी बार शून्य पर आउट हो गए। आक्रामक शुरुआत देने के लिए मशहूर अभिषेक इस टूर्नामेंट में अब तक खाता भी नहीं खोल पाए हैं। खास बात यह रही कि वह इस मैच में मोहम्मद सिराज की जर्सी पहनकर बल्लेबाज़ी करने उतरे, लेकिन यह ‘लकी ट्रिक’ भी काम नहीं आई। हालांकि भारत ने मुकाबला अपने नाम कर लिया।
