Udayprabhat
Breaking Newsखेल

PBKS vs GT: पंजाब किंग्स की रोमांचक जीत, गुजरात को 3 विकेट से हराकर जीत के साथ किया आगाज

पंजाब किंग्स ने 163 रनों के लक्ष्य को 19.1 ओवर में 7 विकेट खोकर हासिल कर लिया.

PBKS vs GT IPL 2026: आईपीएल 2026 के चौथे मुकाबले में पंजाब किंग्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए गुजरात टाइटन्स को 3 विकेट से हराकर टूर्नामेंट में जीत के साथ आगाज किया। न्यू चंडीगढ़ के महाराजा यादवेंद्र सिंह अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में पंजाब ने 163 रन का लक्ष्य 19.1 ओवर में 7 विकेट खोकर हासिल कर लिया।

टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने उतरी पंजाब की टीम ने अनुशासित गेंदबाजी का प्रदर्शन करते हुए गुजरात को 20 ओवर में 6 विकेट पर 162 रन तक सीमित कर दिया। गुजरात की ओर से कप्तान शुभमन गिल ने 39 रन, जोस बटलर ने 38 रन और ग्लेन फिलिप्स ने 25 रन का योगदान दिया।

पंजाब के गेंदबाजों में विजयकुमार विशाक ने 3 विकेट झटके, जबकि युजवेंद्र चहल ने 2 विकेट लेकर गुजरात की बल्लेबाजी पर अंकुश लगाया।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी पंजाब की शुरुआत मजबूत रही। प्रभसिमरन सिंह ने 37 रनों की तेज पारी खेली और टीम को अच्छी स्थिति में पहुंचाया। हालांकि मध्यक्रम में अचानक गिरावट आई और टीम ने 44 रन के भीतर 5 विकेट गंवा दिए, जिससे मैच रोमांचक हो गया।

ऐसे कठिन समय में कूपर कोनोली ने शानदार संयम और आक्रामकता का परिचय देते हुए 44 गेंदों में नाबाद 72 रन ठोके। उनकी इस मैच जिताऊ पारी में 5 चौके और 5 छक्के शामिल रहे। उनके प्रदर्शन के लिए उन्हें ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया।

कप्तान श्रेयस अय्यर 18 रन बनाकर आउट हो गए, जबकि अन्य बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल सके। गुजरात की ओर से प्रसिद्ध कृष्णा ने 3 विकेट लेकर संघर्ष किया, वहीं राशिद खान समेत अन्य गेंदबाजों को एक-एक सफलता मिली।

मैच के बाद पंजाब के कप्तान श्रेयस अय्यर ने कहा कि टीम वर्तमान पर ध्यान केंद्रित कर रही है और हर मैच में बेहतर प्रदर्शन करना चाहती है। वहीं गुजरात के कप्तान शुभमन गिल ने विकेट को बल्लेबाजी के लिए अनुकूल बताया, लेकिन टीम को बेहतर प्रदर्शन की जरूरत स्वीकार की।

Leave a Comment